CAB पर पूर्वोत्तर में बवाल: असम के 10 जिलों में इंटरनेट बंद, डिब्रूगढ़ में RSS कार्यालय फूंका

  • Follow Newsd Hindi On  
CAB पर पूर्वोत्तर में बवाल: असम के 10 जिलों में इंटरनेट बंद, डिब्रूगढ़ में RSS कार्यालय फूंका

नागरिकता संशोधन विधेयक (CAB) के राज्यसभा में पास होने के साथ ही पूर्वोत्तर भारत के राज्यों में जारी विरोध प्रदर्शन हिंसक हो गया। असम, त्रिपुरा, मणिपुर, मिजोरम, अरुणाचल प्रदेश और मेघालय में बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर उतरे और उग्र प्रदर्शन किया। कई जगह से आगजनी और तोड़फोड़ की घटनाएं भी सामने आईं।

डिब्रूगढ़ में RSS कार्यालय फूंका


असम के डिब्रूगढ़ में प्रदर्शनकारियों ने बुधवार रात RSS कार्यालय को आग के हवाले कर दिया।

केंद्रीय मंत्री के घर पर हमला

असम के दुलियाजन में नागरिकता विधेयक का विरोध कर रहे प्रदर्शनकारियों ने केंद्रीय मंत्री रामेश्वर तेली के घर का घेराव किया और हमला किया, जिसमें संपत्तियों को काफी नुकसान पहुंचा है।

मुख्यमंत्री सोनोवाल के आवास के घेराव की कोशिश

वहीं प्रदर्शनकारी राज्य के मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल के आवास के घेराव की कोशिश कर रहे हैं। वहीं सेना और सुरक्षा बल के जवानों ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए रबर की गोलियों का प्रयोग किया है।


सचिवालय की घेराबंदी

असम में हजारों छात्रों और आम लोगों ने दिसपुर चलो मार्च निकाला और तीन घंटे से ज्यादा समय तक राज्य सचिवालय की घेराबंदी की। प्रदर्शनकारियों ने कई बार टायर और होर्डिंग्स जलाईं। इस दौरान सुरक्षा बलों ने प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए रबर की गोलियां चलाईं, पानी की बौछारें छोड़ी और आंसू गैस छोड़े। पुलिस ने विभिन्न छात्र संगठनों के कई नेताओं को गिरफ्तार भी किया गया है। अधिकारियों से पुष्टि नहीं हो सकी, लेकिन खबरें मिली हैं कि गुवाहाटी, डिब्रूगढ़ और जोरहाट जैसे स्थानों पर सैकड़ों प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया है।

गुवाहाटी विश्वविद्यालय में परीक्षाएं स्थगित

राज्य में जारी विरोध-प्रदर्शनों को देखते हुए गुवाहाटी विश्वविद्यालय ने 16 दिसंबर तक प्रस्तावित परीक्षाओं को रद्द कर दिया है।

अलर्ट पर सेना

राजधानी गुवाहाटी में बिगड़ती कानून व्यवस्था को संभालने के लिए बुधवार (11 दिसंबर) शाम कर्फ्यू लगा दिया गया। असम के पुलिस महानिदेशक भास्कर ज्योति महंत ने बताया कि कर्फ्यू गुरुवार 12 दिसंबर) की सुबह सात बजे तक प्रभावी रहेगा। हालांकि, असम के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक कानून और व्यवस्था मुकेश अग्रवाल ने बताया कि हिंसक विरोध को देखते हुए गुवाहाटी में कर्फ्यू को अनिश्चितकाल के लिए बढ़ाया गय। राज्य सरकार ने सेना की दो टुकड़ियों की मांग की है और उन्हें बोंगाइगाँव और डिब्रूगढ़ में तैयार रखा गया है।

(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)