आदित्य पंचोली केस में कंगना और रंगोली के खिलाफ मुंबई कोर्ट ने जारी किए 4 समन

  • Follow Newsd Hindi On  
आदित्य पंचोली केस में कंगना और रंगोली के खिलाफ मुंबई कोर्ट ने जारी किए 4 समन

बॉलीवुड एक्ट्रेस कंगना रनौत और उनकी बहन रंगोली चंदेल की मुसीबतें बढ़ गई हैं। मुंबई कोर्ट ने दोनों के खिलाफ आदित्य पंचोली के मानहानि केस में समन जारी किए हैं।

दरअसल साल 2017 में बॉलीवुड अभिनेता आदित्य पंचोली ने कंगना रनौत पर आपराधिक मानहानि का केस किया था। अब कोर्ट ने कंगना और उनकी बहन रंगोली को समन जारी किया है, जिसकी सुनवाई 26 जून को होगी। बता दें कि इस केस में 4 अलग-अलग समन जारी किये गए हैं।


आदित्य की वकील श्रेया श्रीवास्तव ने कहा, ‘चार समन जारी किए गए, एक आदित्य पंचोली बनाम कंगना रनौत, दूसरा आदित्य पंचोली बनाम रंगोली चंदेल, जरीना वहाब बनाम कंगना रनौत और जरीना वहाब बनाम रंगोली चंदेल।

क्या है पूरा मामला?

कंगना रनौत ने एक बयान दिया था, जिसमें उन्होंने आदित्य पंचोली पर कई गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने अपने आरोपों में कहा था कि रिलेशनशिप में रहते हुए आदित्य ने उनसे रपीट और शारीरिक हिंसा की थी। इसके बाद कंगना की बहन रंगोली ने मुंबई के वर्सोवा पुलिस स्टेशन में आदित्य पंचोली के खिलाफ एप्लीकेशन दर्ज करवाई थी।

अपने बयान में आदित्य का नाम लिए बिना उनके साथ रिश्तों को लेकर कंगना रनौत ने कहा था, ‘हम पति-पत्नी की तरह ही रिलेशनशिप में थे। हम दोनों अपने लिए यारी रोड पर एक घर भी प्लान कर रहे थे। हम एक दोस्त के घर पर 3 साल तक साथ भी रहे थे। मैं जो फोन इस्तेमाल कर रही थीं, वो भी उन्हीं का था।’ साथ ही उन्होंने कहा, ‘वो इंसान मेरे पिता की उम्र का था। उसने मुझे सिर पर बहुत तेज चोट पहुंचाई। उस वक्त मेरी उम्र 17 साल थी। मेरे सिर से खून भी निकल रहा था। मैंने अपनी सैंडल उतारकर उसके सिर पर मारा। उसके सिर से भी खून निकला। मैंने उसके खिलाफ FIR भी करवाई।’


इसके बाद अभिनेता आदित्य पंचोली ने भी अपनी पत्नी जरीना वहाब के साथ मिलकर रंगोली की एप्लीकेशन के जवाब में एप्लीकेशन दर्ज करवाई थी। अपनी एप्लीकेशन में आदित्य ने बताया कि कंगना की वकील ने उनके खिलाफ रेप केस दर्ज कराने की धमकी दी है। इसके बाद उन्होंने कंगना और रंगोली के खिलाफ कुल 4 केस दर्ज करवाए।

अब कोर्ट ने कंगना और रंगोली के खिलाफ समन जारी किया है।

(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)