महाराष्ट्र में भारी बारिश का कहर जारी, रत्नागिरी में बांध टूटा, 2 की मौत, 24 लापता

  • Follow Newsd Hindi On  

महाराष्ट्र में बारिश का कहर जारी है। यहां के कई इलाकों में लगातार चल रही बारिश अब जानलेवा होती जा रही है। रत्नागिरी के आसपास के इलाकों में लगातार बारिश के चलते अब वहां मौजूद तिवरे बांध टूट गया है। बांध टूटने के चलते 7 गांवों में बाढ़ के हालात हैं। खबरों के अनुसार हादसे में दो लोगों की मौत हो गई है। वहीं 24 लोग लापता हो गए हैं। हादसा मंगलवार देर रात को हुआ, जिसके बाद अचानक कई गांवों में बाढ़ आ गई। हालात इतने खराब हो गए कि लोगों को बचने का समय भी नहीं मिला और कुछ लोग तो नींद में ही बह गए।

मृतकों की संख्या बढ़ सकती है

बताया जै रहा है कि प्रशासन के अनुसार मृतकों की संख्या में इजाफा हो सकता है। लगभग 24 से ज्यादा लोग लापता हैं और बांध से निकले कीचड़ और मलबे में उनके दबे होने की आशंका है। अगर ऐसा होता है तो मलबे में उनके बचने की संभावनाएं काफी कम होंगी। जिसके चलते मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है।


लगातार बारिश

रत्नागिरी और उसके आसपास हो रही लगातार बारिश ने तिवरे बांध का जलस्तर अचानक बढ़ा दिया। बताया जा रहा है कि पिछले 72 घंटों से बांध के कैचमेंट एरिया में तेज बारिश हो रही है, जिसके चलते बांध तक पानी लाने वाले नदी और नाले पूरे उफान पर हैं। पानी की अचानक आवक को बांध की दीवारें झेल नहीं सकीं और यह भरभरा कर ढह गया। बांध के टूटने के बाद उसके बहाव क्षेत्र में पड़ने वाले 7 गांवों में बाढ़ के हालात हैं।

आपको बता दें कि  मुंबई में भी लगातार चार दिनों से चल रही बारिश लोगों के लिए परेशानी का सबब बन गई है। मंगलवार को भी मलाड इलाके में बारिश के चलते एक दीवार गिरने के बाद अब तक मृतकों की संख्या 27 के पार पहुंच चुकी है। बताया जा रहा है कि अब तक 60 से ज्यादा लोग वर्षाजनित हादसों में घायल हो गए हैं। वहीं, कल्याण में भी बारिश के बाद दीवार के ढह जाने से तीन लोगों की मौत हुई है।

गौरतलब है ति मौसम विभाग ने उत्तरी महाराष्ट्र के तटीय इलाकों और दक्षिणी गुजरात के इलाकों में भारी बारिश की चेतावनी जारी कर रखी है। इसके साथ ही तटीय इलाकों में हाई टाइड का भी अलर्ट जारी किया जा चुका है। मुंबई में लोगों को घरों में ही रहने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले समय में महाराष्ट्र के कई इलाकों में हालात और खराब हो सकते हैं।


(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)