झारखंड भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बने दीपक प्रकाश, जानें उनके बारे में

  • Follow Newsd Hindi On  
झारखंड भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बने दीपक प्रकाश, जानें उनके बारे में

झारखंड विधानसभा चुनाव में बड़ी हार के बाद भाजपा अब संगठन के पुर्नगठन में जुट गई है। आज झारखंड भाजपा को नया प्रदेश अध्यक्ष भी मिल गया है। दीपक प्रकाश को भाजपा का झारखंड प्रदेश अध्‍यक्ष बनाया गया है।

बाबूलाल मरांडी के भाजपा विधायक दल के नेता चुने जाने के एक दिन बाद भारतीय भाजपा अध्‍यक्ष जेपी नड्डा ने दीपक प्रकाश को झारखंड भाजपा अध्‍यक्ष बनाने की घोषणा की है। राष्‍ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह ने बयान जारी कर कहा है कि दीपक प्रकाश को झारखंड प्रदेश भारतीय जनता पार्टी का प्रदेश अध्‍यक्ष नियुक्‍त किया गया है। दीपक प्रकाश को बाबूलाल मरांडी का करीबी माना जाता है।



ABVP से शुरू किया सफर

छात्र जीवन से ही सक्रिय रहे दीपक प्रकाश ने अपना राजनीतिक सफर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) से शुरू किया था। झारखंड के पहले मुख्‍यमंत्री बाबूलाल मरांडी की भाजपा सरकार के समय दीपक को झारखंड खनिज विकास निगम का चेयरमैन नियुक्‍त किया गया था। वर्ष 2006 में बाबूलाल मरांडी के भाजपा छोड़ने के क्रम में दीपक प्रकाश ने भी भाजपा छोड़ दी थी। हालांकि तीन साल बाद वे वापस भाजपा में लौट आए। दीपक को संगठन का लंबा अनुभव रहा है।

दीपक प्रकाश भाजपा के प्रदेश महामंत्री और कार्यालय प्रभारी की जिम्मेदारी निभा चुके हैं। पिछली कमेटी में प्रदेश उपाध्यक्ष रह चुके दीपक के पास संगठनात्मक सूझबूझ और कामकाज की जानकारी है। हाल में हुए विधानसभा चुनाव में पीएम मोदी की चुनावी सभाओं का उन्हें संयोजक बनाया गया था।

गौरतलब है कि झारखंड चुनाव में हार के बाद भाजपा के तात्कालिन प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुआ ने इस्तीफा दे दिया था। झारखंड चुनाव में लक्ष्मण गिलुआ अपनी सीट भी नहीं बचा पाए थे और उन्हें चक्रधरपुर विधानसभा सीट से झामुमो के सुखराम ओरांव से हार का सामना करना पड़ा था।

(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)