धनशोधन मामला : राबर्ट वाड्रा का करीबी मनोज अरोड़ा ईडी के समक्ष पेश

  • Follow Newsd Hindi On  

नई दिल्ली, 14 जनवरी (आईएएनएस)| रॉबर्ट वाड्रा का करीबी सहयोगी मनोज अरोड़ा सोमवार को धनशोधन के एक मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के समक्ष पेश हुआ। मनोज अरोड़ा को दिल्ली की एक अदालत ने तीन दिन पहले गिरफ्तारी से अंतरिम सुरक्षा दी थी। उसने धनशोधन के इस मामले में ईडी की जांच में सहयोग के लिए खुद को प्रस्तुत किया है।

एक अधिकारी ने कहा कि अरोड़ा खुद सोमवार की सुबह पूछताछ के लिए पेश हुआ।


दिल्ली की अदालत ने शुक्रवार को मनोज अरोड़ा को गिरफ्तारी से अंतरिम सुरक्षा दी थी और उसे एजेंसी की जांच से जुड़ने के लिए कहा था।

ईडी की जांच कथित तौर पर वाड्रा की 19 लाख पाउंड की विदेश की अघोषित संपत्ति के स्वामित्व से जुड़ी है।

रॉबर्ट वाड्रा, कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के बहनोई हैं।


ईडी ने मनोज अरोड़ा के खिलाफ धनशोधन का एक मामला दर्ज किया है।

ईडी ने यह मामला भगोड़े हथियार डीलर संजय भंडारी के खिलाफ नए काला धन कानून व कर कानून के तहत आयकर विभाग द्वारा एक अन्य मामले की जांच के दौरान उसकी भूमिका को लेकर दर्ज किया है।

इसमें कहा गया है कि लंदन की संपत्ति भंडारी द्वारा खरीदी गई और इसके मरम्मत पर अतिरिक्त खर्च के बावजूद इसे खरीदी गई कीमत पर बेच दिया गया।

ईडी ने जांच के तौर पर 7 दिसंबर को दिल्ली-एनसीआर व बेंगलुरू के कई परिसरों की तलाशी ली।

 

(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)