कोडरमा लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र, झारखंड: वर्तमान सांसद, उम्मीदवार, मतदान तिथि और चुनाव परिणाम

  • Follow Newsd Hindi On  
कोडरमा लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र, झारखंड: वर्तमान सांसद, उम्मीदवार, मतदान तिथि और चुनाव परिणाम

झारखंड का कोडरमा लोकसभा सीट एकबार फिर से नया सांसद चुनने को तैयार है। 2014 के मोदी लहर में भाजपा के रविंद्र राय ने भाकपा-माले के राजकुमार यादव को लगभग 1 लाख वोटों से हराया था। मगर इस बार भाजपा ने अपने वर्तमान सांसद रविंद्र राय का टिकट काटकर अन्नापूर्णा देवी को मैदान में उतारा है। अन्नापूर्णा देवी राजद झारखंड की अध्यक्ष थीं और उन्होंने हाल ही में राजद छोड़कर भाजपा का दामन थामा है। वहीं महागठबंधन से झाविमो के खाते में यह सीट गई है। झाविमो से इस सीट से 3 बार चुनाव जीत चुके झाविमो प्रमुख बाबू लाल मरांडी चुनाव मैदान में हैं।

वहीं 2014 के चुनाव में दूसरे नंबर पर रहे भाकपा-माले के राजकुमार यादव ने चुनाव में उतर कर कोडरमा की लड़ाई को त्रिकोणीय बना दिया है। वह इस संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत राजधनवार विधानसभा सीट से मौजूदा विधायक हैं। उन्होंने दो बार इसी क्षेत्र से चुनाव लड़ा और दूसरे स्थान पर रहे।


कोडरमा लोकसभा सीट का इतिहास

1952 से 1971 तक कोडरमा लोकसभा सीट अस्तित्व में ही नहीं थी। सन 1977 में चतरा से अलग होकर कोडरमा अलग संसदीय क्षेत्र बना। इस सीट पर पहली बार 1977 में चुनाव हुए। पहले चुनाव में जनता पार्टी के टिकट पर आरएलपी वर्मा जीते। 1980 में वह भाजपा के टिकट पर दूसरी बार जीते। 1984 में कांग्रेस के तिलकधारी सिंह जीतने में कामयाब हुए। मगर 1989 में हुए अगले चुनाव में भाजपा के टिकट पर आरएलपी वर्मा फिर से जीत दर्ज की। 1991 में जनता दल के मुमताज अंसारी ने इस सीट से कामयाबी हासिल की।

1996 और 1998 का चुनाव भाजपा के टिकट पर आरएलपी वर्मा फिर जीतने में कामयाब हुए। 1999 में कांग्रेस के टिकट पर तिलकधारी सिंह जीते। 2004 में भाजपा के टिकट पर बाबू लाल मरांडी जीते। 2006 (उपचुनाव) में वह बतौर निर्दलीय प्रत्याशी जीते। फिर 2009 में बाबू लाल मरांडी झारखंड विकास मोर्चा के टिकट पर जीते। 2014 में इस सीट से भाजपा के डॉ. रविंद्र कुमार राय ने जीत हासिल की।

कोडरमा सीट से बीजेपी अब-तक 6 बार जीत चुकी है। वहीं, कांग्रेस दो बार और झारखंड विकास मोर्चा एक बार जीत दर्ज कर चुकी है।


कोडरमा संसदीय सीट का समीकरण

कोडरमा जिले के अंदर छह विधानसभा क्षेत्र आते हैं। जिसमें कोडरमा, बरकाठा, धनवार, बगोदर, जमुना और गांडेय है। इन विधानसभा क्षेत्रों में से जमुना जो गिरिडीह जिले में आता है, वो सीट अनुसूचित जाति के लिए अरक्षित  पूरी तरह आरक्षित है। 2014 के आम चुनाव के दौरान इस सीट पर मतदाताओं की संख्या करीब 16.39 लाख थी। इसमें 8.70 लाख पुरुष और 7.69 लाख महिला मतदाता शामिल हैं।

2014 का लोकसभा चुनाव

2014 के चुनाव में भाजपा के रविंद्र कुमार राय ने भारतीय कम्यूनिस्ट पार्टी (माले) के राज कुमार यादव को लगभग 1 लाख वोटों से हराया था। रविंद्र कुमार राय को 3.65 लाख और राज कुमार यादव को 2.66 लाख वोट मिले थे। वहीं तीसरे नंबर पर झारखंड विकास मोर्चा(झाविमो) के प्रणय कुमार वर्मा थे जिन्हें कुल 1,60,638 वोट मिले थे। चौथे नंबर पर कांग्रेस के तिलकधारी सिंह थे जिन्होंने 60,330 मत प्राप्त किये थे। 2014 के लोकसभा चुनाव में 62.51 प्रतिशत वोटिंग हुई थी।

निवर्तमान सांसद: रविंद्र राय

लोकसभा चुनाव 2014 के नतीजे

रविंद्र राय, भाजपा – 3,65,410
राजकुमार यादव, भाकपा-माले  – 2,66,756
प्रणय कुमार वर्मा, झाविमो – 1,60,638

तिलकधारी सिंह, कांग्रेस – 60,330

2019 लोकसभा चुनाव के लिए प्रमुख उम्मीदवार

  • अन्नापूर्णा देवी, भाजपा
  • राजकुमार यादव, भाकपा-माले
  • बाबूलाल मरांडी, झाविमो (महागठबंधन)

पांचवें चरण के चुनाव लिए महत्वपूर्ण तिथियां

अधिसूचना  जारी 10 अप्रैल
नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 18 अप्रैल
नामांकन पत्र की जांच 20 अप्रैल
नामांकन वापसी की अंतिम तिथि 22 अप्रैल
मतदान की तारीख 6 मई
मतगणना की तारीख 23 मई

लोकसभा चुनाव 2019: पांचवें चरण में 6 मई को इन सीटों पर होगी वोटिंग, देखें राज्यवार सूची

 

(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)