वाल्मीकि नगर लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र, बिहार: वर्तमान सांसद, उम्मीदवार, मतदान तिथि और चुनाव परिणाम

  • Follow Newsd Hindi On  
वाल्मीकि नगर लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र, बिहार: वर्तमान सांसद, उम्मीदवार, मतदान तिथि और चुनाव परिणाम

बिहार का वाल्मीकि नगर लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र एकबार फिर से नया सासंद चुनने को तैयार है। 2014 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी के सतीश चंद्र दुबे ने कांग्रेस के पूर्णमासी राम को हराया। जदयू के वैद्यनाथ प्रसाद महतो तीसरे नंबर पर रहे थे। इस बार सीट शेयरिंग में वाल्मीकि नगर सीट जदयू के खाते में गयी है और पार्टी ने वैद्यनाथ प्रसाद महतो को टिकट दिया है। वहीं महागठबंधन खेमे से कांग्रेस ने शाश्वत केदार को उम्मीदवार बनाया है।

वाल्मीकि नगर लोकसभा सीट पर छठे चरण में 12 मई को वोट डाले जाने हैं।


बिहार की राजधानी पटना से करीब 300 किलोमीटर दूर गंडक नदी के किनारे बसे वाल्मीकि नगर का पौराणिक महत्व है। जनश्रुति है कि यहां बने आश्रम में महर्षि वाल्मीकि रहते थे। राम के द्वारा निर्वासित होने पर सीता ने इसी स्थान पर लव-कुश को जन्म दिया।  महाभारत के सभापर्व के 20 वें अध्याय के अनुसार श्रीकृष्ण के साथ पांडवों ने गिरिव्रज के लिए गंडकीड्ढ प्रदेश होकर यात्रा की थी । वे कुरू जंगल से हिमालय की तलहटी होते मिथिला-चम्पारण तक आए और दक्षिण मुड़कर गिरिव्रज गए। इसे ही पहले भैंसालोटन कहा जाता था। नेपाल की सीमा पर स्थित वाल्मीकिनगर लोकसभा क्षेत्र पश्चिम चंपारण जिले में है।

वाल्मीकिनगर लोकसभा सीट का इतिहास

वर्ष 2002 के परिसीमन के बाद 2008 में पहली बार वाल्मीकिनगर सीट अस्तित्व में आया। इससे पहले यह बगहा के नाम से जाना जाता था। वर्ष 2009 में पहली बार चुनाव होने पर जेडीयू के वैद्यनाथ प्रसाद महतो यहां से जीते। वर्ष 2014 में बीजेपी के सतीशचंद्र दुबे यहां से जीतकर लोकसभा पहुंचे। बगहा संसदीय क्षेत्र से विभूति मिश्र,कमलनाथ तिवारी, जगन्नाथ प्रसाद स्वतंत्र और भोला राउत निर्वाचित हुए थे। भोला राउत बगहा से चार बार तथा चार बार अन्य संसदीय क्षेत्र से कुल आठ बार निर्वाचित हुए थे। महेंद्र बैठा पांच बार जीते।

वाल्मीकिनगर  संसदीय सीट का समीकरण

वाल्मीकिनगर संसदीय सीट के तहत छह विधानसभा क्षेत्र आते हैं-वाल्मीकिनगर, रामनगर, नरकटियागंज, बगहा, लौरिया और सिकटा। सिकटा, लौरिया और नरकटियागंज पश्‍चिमी चंपारण में, जबकि बगहा, वाल्मीकिनगर व रामनगर बगहा में पड़ता है। 2015 के बिहार विधानसभा चुनाव में इन छह विधानसभा सीटों में से तीन बीजेपी, जबकि एक सीट जेडीयू के खाते में गई। बाकी दो सीटों में एक कांग्रेस और एक निर्दलीय के हिस्से में रही।


इस लोकसभा क्षेत्र में मतदाताओं की संख्या 1,275,653 है। इनमें से पुरुष वोटरों की संख्या 690,155 जबकि महिला वोटरों की संख्या 585,498 है।

निवर्तमान सांसद: सतीश चंद्र दुबे

लोकसभा चुनाव 2014 के नतीजे

सतीश चंद्र दुबे, बीजेपी – 3,64,013
पूर्णमासी राम, राजद –  2,46,218
बैद्य नाथ प्रसाद महतो, जेडीयू – 81,612

2019 लोकसभा चुनाव के लिए प्रमुख उम्मीदवार

  • बैद्यनाथ प्रसाद महतो, जदयू/एनडीए
  • शाश्वत केदार, कांग्रेस/महागठबंधन
  • दीपक यादव, बहुजन समाज पार्टी

छठे चरण के चुनाव लिए महत्वपूर्ण तिथियां

अधिसूचना  जारी 10 अप्रैल
नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 16 अप्रैल
नामांकन पत्र की जांच 23 अप्रैल
नामांकन वापसी की अंतिम तिथि 24 अप्रैल
मतदान की तारीख 12 मई
मतगणना की तारीख 23 मई

लोकसभा चुनाव 2019: छठे चरण में 12 मई को इन सीटों पर होगी वोटिंग, देखें राज्यवार सूची

(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)