Uttar Pradesh: हाथरस में गैंगरेप का शिकार हुई महिला ने दिल्ली के अस्पताल में दम तोड़ा

  • Follow Newsd Hindi On  
Gang Assault Victim In Hathras Dies In Delhi Safdarjung Hospital

यूपी के हाथरस में दो हफ्ते पहले रेप और शोषण का शिकार हुई 20 साल की पीड़िता की दिल्ली के अस्पताल में मंगलवार को मौत हो गई। पीड़िता का ICU में इलाज चल रहा था। लगभग दो हफ्तों पहले चार-पांच लोगों ने मिलकर उसका गैंगरेप किया था और प्रताड़नाएं दी थीं।

पुलिस अधीक्षक विक्रांत वीर ने पीड़िता की मौत की पुष्टि की है।  युवती के साथ 14 सितंबर को सामूहिक दुष्कर्म की शर्मनाक वारदात को अंजाम दिया गया था। इसके बाद आरोपियों ने उसपर जानलेवा हमला भी किया था। सोमवार को हालत बेहद गंभीर होने पर उसे अलीगढ़ के जेएन मेडिकल कॉलेज से दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया था।


आपको बता दें कि चंदपा थाना क्षेत्र के एक गांव में हुई इस घटना के बारे में पीड़िता ने मजिस्ट्रेट को दिए अपने बयान में कहा था कि चार युवकों ने मिलकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया और विरोध करने पर उसका गला घोंटकर उसे जान से मारने की कोशिश की, जिसमें पीड़िता की जीभ कट गई थी।

पीड़िता ने चारों आरोपियों की पहचान संदीप, रामू, लवकुश और रवि के रूप में की थी। पुलिस अधीक्षक ने बताया था कि संदीप को घटना के दिन ही गिरफ्तार कर लिया गया था। बाद में रामू और लवकुश को भी गिरफ्तार किया गया और शनिवार को चौथे आरोपी रवि को भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।

फिलहाल चारों आरोपियों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म और हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया है। अधिकारियों ने कहा कि मुकदमा त्वरित अदालत में चलाया जाएगा। पीड़िता को घटना के दूसरे दिन अलीगढ़ के जेएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। वहां वह वेंटिलेटर पर थी और शुरुआत से ही उसकी हालत चिंताजनक थी।


(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)