गौतमबुद्ध नगर, 13 मई (आईएएनएस)। ग्रेटर नोएडा इलाके में बुधवार को फ्लैट के अंदर एक महिला का शव पड़ा मिलने से सनसनी फैल गयी। महिला बच्चे और पति के साथ रहती थी। घटना के बाद से ही पुलिस बच्चे सहित गायब पति की तलाश में जुटी है।
डीसीपी ग्रेटर नोएडा राजेश कुमार सिंह के मुताबिक, घटना बीटा-2 सेक्टर में स्वर्ण नगरी स्थित एक फ्लैट की है। मृतका की पहचान पिंकी के रुप में हुई है। घर में महिला का शव लावारिस हाल में पड़ा था।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। महिला के बारे में पता चला है कि वो दिल्ली के वसुंधरा इंक्लेव की रहने वाली थी। इस मकान पर भी पुलिस को महिला का बच्चा और बेटा नहीं मिले हैं। अभी तक घटना की वजह और आरोपियों के बारे में पुलिस को कोई जानकारी नहीं मिल सकी है। पुलिस को घटना के खुलासे के लिए पति की तलाश है।
— आईएएनएस