झारखंड के 11वें मुख्यमंत्री बने हेमंत सोरेन, शपथग्रहण में दिखी झारखंडी संस्कृति की झलक, ममता-राहुल समेत कई विपक्षी नेता हुए शामिल

  • Follow Newsd Hindi On  
15 lakh families will get one rupee per kg ration in Jharkhand

रांची। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन ने रविवार को यहां झारखंड के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। झारखंड की राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने सोरेन को मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई। रांची के मोरहाबादी मैदान में आयोजित भव्य शपथ ग्रहण समारोह में झामुमो के विधायक दल के नेता हेमंत सोरेन को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। सोरेन राज्य के 11वें मुख्यमंत्री बने हैं। मंत्रिमंडल के सहयोगी के रूप में कांग्रेस के दो और राष्ट्रीय जनता दल का एक विधायक ने भी शपथ ली।

इस मौके पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी, शरद यादव, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, राजद नेता तेजस्वी यादव, वामपंथी नेता डी राजा, सीताराम येचुरी, आप सांसद संजय सिंह, शरद यादव समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। इस मौके पर पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास भी उपस्थित रहे।


हालांकि कई वरिष्ठ नेताओं ने इस कार्यक्रम से किनारा कर लिया था। पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के प्रमुख शरद पवार, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे, मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और बसपा सुप्रीमो मायावती भी रांची नहीं पहुंचे।

कांग्रेस के दो और आरजेडी के एक विधायक ने ली मंत्री पद की शपथ

कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष रामेश्वर उरांव और कांग्रेस विधायक दल के नेता आलमगीर आलम ने भी मंत्री पद की शपथ ली। दोनों को कांग्रेस आलाकमान की ओर से संदेश दे दिया गया था। साथ ही राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के विधायक सत्यानंद भोक्ता ने भी मंत्री पद का शपथ ली।

शपथ-ग्रहण में दिखी झारखंडी संस्कृति की झलक

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के शपथ ग्रहण समारोह में झारखंडी संस्कृति की झलक देखने को मिली है। हेमंत शपथ-ग्रहण के लिए जाने से पहले अपनी परंपराओं का पालन करते हुए अपने माता-पिता का आशीर्वाद लेने पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन के आवास पहुंचे। हेमंत ने रविवार अपराह्न् दो बजे मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लिया। इसके लिए राजधानी रांची के मोरहाबादी मैदान में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। समारोह के मंच की बात करें तो यहां झारखंड की कोहबर कला के साथ ही झारखंडी कला-संस्कृति को प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया। मंच को पूरी तरह कोहबर कला (पेंटिंग) से सजाया गया।

बता दें कि झारखंड में झामुमो, कांग्रेस और राजद गठबंधन ने विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज की है। झामुमो ने कांग्रेस पार्टी और लालू प्रसाद की राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के साथ गठबंधन में विधानसभा चुनाव लड़ा और 81 सदस्यीय सदन में सैंतालीस सीटों के साथ बहुमत हासिल किया। झामुमो ने प्रदेश में हाल ही में हुए विधानसभा चुनावों में 30 सीटें जीती हैं, जबकि कांग्रेस और राजद ने क्रमश: 16 और एक सीट हासिल की।

अर्जुन मुंडा के नेतृत्व वाली राज्य सरकार में उपमुख्यमंत्री रह चुके सोरेन इससे पहले 2013 में राज्य के सबसे कम उम्र के मुख्यमंत्री बने थे और वह दिसंबर 2014 तक इस पद पर रहे थे। वर्ष 2014 में राज्य में भाजपा की सरकार बन गई और हेमंत सोरेन नेता प्रतिपक्ष बने।


हेमंत की ‘बदलाव यात्रा’ ने बदली झारखंड की सत्ता और सियासत

(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)