दिल्ली: लॉकडाउन में हर दिन 1 लाख लोगों को खाना खिलाएगा इस्कॉन

  • Follow Newsd Hindi On  

कोरोना वायरस के चलते हुए लॉकडाउन के बाद देश के विभिन्न हिस्सों से दिहाड़ी मजदूरी करने वाले और अन्य गरीब लोगों का पलायन जारी है। सबसे ज्यादा पलायन राजधानी दिल्ली से हो रहा है। हर दिन हजारों की संख्या में लोग वाहन की तलाश में राजधानी से सटे विभिन्न बॉर्डर पर पहुंच रहे हैं। मुख्यमंत्री केजरीवाल ने दिल्ली में रह रहे प्रवासी मजदूरों समेत सभी लोगों को आश्वस्त किया है कि दिल्ली सरकार उनके रहने-खाने का पूरा इंतजाम करेगी। दिल्ली सरकार के मुताबिक, राजधानी में 4 लाख लोगों को दो समय का भोजन कराने की व्यवस्था की है। इस बीच कई सामजिक और धार्मिक संस्थाएं भी गरीबों की मदद करने के लिए आगे आई हैं। राज्य सरकार की अनुमति के बाद इस्कॉन ने 1 लाख भूखे लोगों को भोजन कराने का लक्ष्य रखा है।

इस्कॉन (इंटरनेशनल सोसाइटी ऑफ कृष्णा कॉन्शियसनेस) द्वारका, के प्रमुख श्री प्रद्युम्न प्रिया दास (मूल नाम: पीयूष गोयल) का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वह भूखे प्रवासियों को खाना खिलाते और उन्हें कोरोना लॉकडाउन के बीचसोशल डिस्टेंसिंग के बारे में जागरूक करते हुए नज़र आ रहे हैं।


लॉकडाउन जैसे अभूतपूर्व और चिंताजनक समय में गरीब तबके के लोग सबसे ज्यादा प्रभावित होते हैं। ऐसे समय में इस्कॉन जैसे संगठन जरूरतमंदों की मदद कर अपना सामाजिक दायित्व बखूबी निभा रहे हैं।

गौरतलब है कि कोरोना वायरस का कहर दुनिया के साथ-साथ भारत में भी बढ़ता जा रहा है। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने रविवार को प्रेस वार्ता करते हुए बताया कि देश में अब तक कोविड-19 के 979 मामले है। मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने बताया कि अब तक देश में कोरोना वायरस से 979 लोग संक्रमित है। इनमें से 25 लोगों की मौत हो चुकी है। पिछले 24 घंटे में 106 नए मामले सामने आए हैं और छह लोगों की मौत हुई है। लॉकडाउन के चलते, राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों को सीमाओं को सील करने का निर्देश दिया गया है। साथ ही राजमार्गों पर किसी भी प्रकार के नागरिक आवागमन पर रोक लगाने को कहा गया है।


(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)