झारखंड चुनाव: गढ़वा से BJP प्रत्याशी और वर्तमान MLA के प्रचार वाहन से 29.98 लाख रुपये जब्त

  • Follow Newsd Hindi On  
झारखंड चुनाव: गढ़वा से BJP प्रत्याशी और वर्तमान MLA के प्रचार वाहन से 29.98 लाख रुपये जब्त

पलामू जिले के चैनपुर थाना के समीप बुधवार को वाहन चेकिंग अभियान के दौरान भाजपा के प्रचार वाहन से 29 लाख 98 हजार रुपये बरामद किये गये। मेदिनीनगर सदर अनुमंडल के एसडीपीओ संदीप कुमार गुप्ता ने प्रेस को बताया कि गुप्त सूचना पर चेकिंग अभियान चलाकर एक बोलेरो वाहन JH03R9842 के अंदर बैग में रखी राशि बरामद की गई है। इसे मेदिनीनगर से गढ़वा ले जाया जा रहा था।

प्रचार वाहन से गढ़वा से भाजपा प्रत्याशी सह निवर्तमान विधायक सत्येंद्र नाथ तिवारी का चुनावी पर्चा भी बरामद किया गया हैं। साथ ही वाहन इन्हीं के नाम से चुनाव प्रचार के लिए स्वीकृत किया गया है। जानकारी के अनुसार वाहन का परमिट गढ़वा के रंका बौलिया निवासी भाजपा सदस्य शशिमणि पांडेय के नाम से निर्गत है। इसे सुविधा एप्प के माध्यम से डीटीओ गढ़वा की अनुशंसा पर गढ़वा सदर के गोपनीय कार्यालय से 17 नवंबर को चुनाव प्रचार के लिए निर्गत किया गया था।


वाहन पर चालक समेत दो अन्य लोग सवार थे। इन्हें हिरासत में ले लिया गया है। इनमें गढ़वा निवासी शुकुल देव प्रजापति व केदारनाथ प्रजापति तथा रंका निवासी मुरारी यादव का नाम शामिल है। तीनों से पूछताछ की जा रही है। गाड़ी गढ़वा के टंडवा निवासी उपेंद्र प्रजापति की है। डीएसपी संदीप ने बताया कि बरामद रुपये व इसे ले जाने के उद्देश्यों की जांच की जा रही है।

इधर भाजपा के प्रचार वाहन से नोट पकड़े जाने की जानकारी मिलने पर पूर्व मंत्री सह डालटनगंज से कांग्रेस प्रत्याशी केएन त्रिपाठी चैनपुर थाना पहुंचकर घटना की निंदा की और भाजपा पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा रुपयों से वोट खरीदने का काम कर रही है।


(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)