झारखंड: 24 जनवरी को हो सकता है मंत्रिमंडल विस्तार, इन 8 मंत्रियों के शपथ लेने की संभावना

  • Follow Newsd Hindi On  
झारखंड: 24 जनवरी को हो सकता है मंत्रिमंडल विस्तार, इन 8 मंत्रियों के शपथ लेने की संभावना

झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार 24 जनवरी को अपने मंत्रिमंडल का विस्तार कर सकती है। सीएम सोरेन ने राज्यपाल द्रौपदी मूर्मू से मिलने का समय मांगा है। अगर राज्यपाल ने समय दिया तो कांग्रेस और झामुमो के कुल 8 मंत्रियों को शपथ दिलाए जाने की संभावना है।

झारखंड में राज्य मंत्री परिषद का विस्तार 24 जनवरी को हो सकता है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने 24 जनवरी को सुबह में राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू से मिलने का समय राजभवन से मांगा है। इस मुलाकात के क्रम में वे नए मंत्रियों के नाम राज्यपाल को सौंप सकते हैं। चर्चा है कि इसी दिन शाम में राजभवन में नए मंत्रियों का शपथ ग्रहण भी हो सकता है। मंत्रियों की संख्या और विभागों को लेकर भी बातें फाइनल हो चुकी हैं।


वहीं सरकार में शामिल दलों में मंत्री पद के बंटवारे पर लगभग सहमति बन चुकी है। सूत्रों ने बताया कि कांग्रेस को मंत्रियों के तीन पद और मिल सकते हैं। इसके साथ कांग्रेस के पांच मंत्री हो जाएंगे। झामुमो के खाते में मंत्रियों के कुल पांच पद मिले हैं।

ये बन सकते हैं मंत्री

कांग्रेस कोटे से राजेन्द्र सिंह, दीपिका पांडेय तथा बन्ना गुप्ता, झामुमो से स्टीफन मरांडी, चम्पई सोरेन, हाजी हुसैन अंसारी, जगरनाथ महतो, दीपक बिरुआ तथा मथुरा महतो के नाम की चर्चा है।

इससे पहले मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बुधवार को कहा था कि जल्द ही उनके मंत्रिमंडल का विस्तार किया जाएगा। सूत्रों की मानें तो दिल्ली दौरे पर गए सीएम हेमंत सोरेन की कांग्रेस के आला नेताओं के साथ बैठक में इस पर सहमति बन गई है।


(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)