KBC-11: बिहार के लाल का कमाल, सीजन के पहले करोड़पति सनोज आज खेलेंगे 7 करोड़ का जैकपॉट

  • Follow Newsd Hindi On  
KBC-11: बिहार के लाल का कमाल, सीजन के पहले करोड़पति सनोज आज खेलेंगे 7 करोड़ का जैकपॉट

सोनी टीवी  (Sony TV) के बहुचर्चित रिएलिटी गेम शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ (Kaun Banega Crorepati-11) को इस सीजन का अपना पहला करोड़पति मिल गया है। बिहार के जहानाबाद जिले के सनोज राज (Sanoj Raj) ने पूरे 1 करोड़ का चेक अपने नाम कर लिया है। 19 अगस्‍त से शुरू हुए इस शो को 1 म‍हीने से भी कम समय में अपना पहला करोड़पति मिल चुका है। इस सीजन के पहले करोड़पति होने का गौरव सनोज राज को जाता है।

सोनी चैनल  (Sony TV) ने मंगलवार को अपने ट्विटर और फेसबुक अकाउंट पर आने वाले एपिसोड का प्रोमो पोस्ट किया है, जिसमें सनोज राज केबीसी में 15वें सवाल का सही जवाब देकर एक करोड़ रुपये जीतते दिखायी दे रहे हैं।


सोनी चैनल के फेसबुक पोस्ट के अनुसार अब सनोज 7 करोड़ रुपये के जैकपॉट के सवाल के लिए खेलेंगे। गुरुवार और शुक्रवार को सनोज से जुड़े एपिसाेड का प्रसारण होगा।

गौरतलब है कि सनोज राज बिहार के जहानाबाद जिले के हुलासगंज प्रखंड के ढोंगरा गांव के रहने वाले हैं। उनके पिता रामजनम शर्मा साधारण किसान हैं। सनोज ने अपनी स्कूली पढ़ाई जहानाबाद से की है। उसके बाद उन्होंने पश्चिम बंगाल के वर्धमान से बीटेक की पढ़ाई की है। फिलहाल सनोज दो वर्ष से सहायक कमांडेंट के पद पर नौकरी कर रहे हैं। हालांकि, उनकी इच्छा प्रशासनिक क्षेत्र में जाने की है और वे आईएएस बनना चाहते हैं।

(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)