केआईवाईजी (कबड्डी) : हरियाणा ने जीते 2 स्वर्ण, 1 रजत

  • Follow Newsd Hindi On  

पुणे, 19 जनवरी (आईएएनएस)| खेलो इंडिया यूथ गेम्स -2019 में शनिवार के दिन एक रोमांचक कबड्डी मुकाबले में चंडीगढ़ ने तमिलनाडु को गोल्डन रेड में मात देते हुए पुरुषों के अंडर-21 वर्ग में स्वर्ण पदक हासिल किया। चंडीगढ़ ने यह मुकाबला 41-40 से अपने नाम किया। इन खेलों में कबड्डी में यह इकलौता ऐसा मैच था जिसके फाइनल में हरियाणा की टीम नहीं थी।

पहले हाफ में स्कोर 17-17 से बराबर था और दूसरे हाफ में भी स्कोर 36-36 से बराबर रहा। इसके बाद अतिरिक्त समय में तमिलनाडु ने 40-39 की बढ़त ले ली थी, लेकिन चंडीगढ़ ने आखिरी समय में स्कोर बराबर कर दिया। इसके बाद गोल्डन रेड के माध्यम से चंडीगढ़ ने जीत हासिल की।


इसी वर्ग के कांस्य पदक के मुकाबले में उत्तर प्रदेश ने केरल को मात दी।

कबड्डी का पावरहाउस कहा जाने वाला राज्य हरियाण तीन फाइनल में से दो में जीत हासिल करने में सफल रहा। हरियाणा का पहला स्वर्ण उसे लड़कियों के अंडर-17 वर्ग में भी मिला जहां उसने चंडीगढ़ को 40-29 से मात दी।

महिलाओं के अंडर-21 वर्ग में हरियाणा को पड़ोसी राज्य हिमाचल प्रदेश ने तगड़ा झटका दिया। हिमाचल प्रदेश ने हरियाणा को 30-27 से मात दी। इसी कारण हरियाणा को रजत पदक से संतोष करना पड़ा।


हरियाणा ने अपना दूसरा स्वर्ण लड़कों के अंडर-17 वर्ग में हासिल किया। यहां हरियाणा ने राजस्थान को मात देते हुए स्वर्ण जीता।

 

(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)