कमलनाथ ने राज्यपाल से मुलाकात की, बंधक विधायकों की रिहाई की मांग की (लीड-2)

  • Follow Newsd Hindi On  

भोपाल, 13 मार्च (आईएएनएस)| मध्य प्रदेश में ज्योतिरादित्य सिंधिया के प्रति निष्ठा रखने वाले 22 विधायकों के इस्तीफे से 16 महीने पुरानी मध्य प्रदेश सरकार पर आए संकट के बीच मुख्यमंत्री कमलनाथ ने शुक्रवार को राज्यपाल लालजी टंडन से मुलाकात की और उनसे फ्लोर टेस्ट करवाने का अनुरोध किया। कमलनाथ ने भाजपा पर विधायकों की खरीद-फरोख्त करने का आरोप लगाया और विधानसभा के आगामी सत्र में फ्लोर टेस्ट के लिए और बेंगलुरू में बंधक बनाए गए कांग्रेस विधायकों की रिहाई के लिए अनुरोध किया।

कमलनाथ यहां राज्यपाल के आवास पर पहुंचे और टंडन को अपना तीन पन्नों का पत्र सौंपा।


उल्लेखनीय है कि राज्य के 22 विधायकों ने विधानसभा की अपनी सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। इनमें से 19 विधायक बेंगलुरू में रह रहे हैं।

राज्यपाल को लिखे पत्र में, कमलनाथ ने राज्य में भाजपा के ‘अनैतिक और अवैध’ कृत्यों का हवाला देते हुए पार्टी पर विधायकों की खरीद-फरोख्त का आरोप लगाया है।

उन्होंने 3-4 मार्च की रात से राज्य में हुए राजनीतिक घटनाक्रमों का भी जिक्र किया है।


कमलनाथ ने आगे कहा कि चार मार्च को कांग्रेस द्वारा भाजपा के प्रयासों को नाकाम करने के बाद, भाजपा ने आठ मार्च को तीन चार्टर्ड प्लेन द्वारा 19 पार्टी विधायकों को बेंगलुरू पहुंचा कर फिर से खरीद-फरोख्त करना चाहा है।

उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस विधायकों के त्याग पत्र को भाजपा नेता ने विधानसभा अध्यक्ष को सौंपा है।

कमलनाथ ने पत्र में कहा है, “हम मध्य प्रदेश के लोगों को विश्वास दिलाते हैं कि हम संविधान और विधायी प्रक्रिया को बनाए रखने और उसमें निहित मूल्यों को बनाए रखने के लिए लोकतंत्र की जीत और विधायी प्रक्रिया को सुनिश्चित करने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।”

कमलनाथ ने अपने पत्र में कहा कि हम अनुरोध करते हैं कि राज्यपाल राज्य के संवैधानिक प्रमुख के रूप में केंद्रीय गृहमंत्री (अमित शाह) के साथ अपने अधिकारों का इस्तेमाल कर बेंगलुरू में बंधक विधायकों को मुक्त कराएं।

राज्य सरकार के मंत्री गोविंद सिंह राजपूत, प्रद्युम्न सिंह तोमर, इमरती देवी, तुलसी सिलावट, प्रभुराम चौधरी, महेंद्र सिंह सिसोदिया के अलावा विधायक हरदीप सिंह डंग, जसप्रीत सिंह जज्जी, राजवर्धन सिंह, ओपीएस भदौरिया, मुन्ना लाल गोयल, रघुराज सिंह कंसाना, कमलेश जाटव, बृजेन्द्र सिंह यादव, सुरेश धाकड़, गिरराज दंडौतिया, रक्षा संतराम सिरौनिया, रणवीर जाटव, जसवंत जाटव ने इस्तीफा दिया है।

 

(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)