कोविड19 : बक्करवाला क्वारंटाइन सेंटर में 30 कोरोना पॉजिटिव

  • Follow Newsd Hindi On  

नई दिल्ली, 11 अप्रैल (आईएएनएस)| बाहरी दिल्ली में कोरोना वायरस के 30 नए मामले सामने आए हैं। पॉजिटिव पाए गए सभी व्यक्ति बक्करवाला गांव में बनाए गए एक क्वारंटाइन सेंटर में थे। यह सभी व्यक्ति तबलीगी जमात से जुड़े हैं। इन्हें बक्करवाला में रखा गया था।

दिल्ली सरकार के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, “बक्करवाला में बनाए गए क्वारंटाइन सेंटर में कुल 133 लोगों को रखा गया था। इनमें से 30 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। पॉजिटिव पाए गए सभी लोगों को दिल्ली के अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। साथ ही क्वारंटाइन भी रखे गए अन्य व्यक्तियों की सघन जांच की जा रही है।”


गौरतलब है कि निजामुद्दीन स्थित तबलीगी जमात के कार्यक्रम में शामिल कई लोग अब तक कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। तबलीगी जमात की मरकज में विभिन्न राज्यों के लोग शामिल हुए थे, जिनमें से अब कई व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं।

उधर पुरानी दिल्ली के चांदनी महल इलाके में कोरोना वायरस के 52 रोगी मिले हैं। यहां 13 अलग अलग मस्जिदों से 102 जमातियों को निकाला गया है। इन मस्जिदों से निकाले गए कई जमातियों का संबंध निजामुद्दीन मरकज से है। इनमें से 52 व्यक्ति जांच के दौरान कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं।

चांदनी महल की मस्जिदों से निकाले गए लोगों को क्वारंटाइन करने के बाद अब उनके संपर्क में आए लोगों को भी ढूंढा जा रहा है। गौरतलब है कि चांदनी महल इलाके में कोरोना से 3 दिन में 3 लोगों की मौत हो चुकी है।


6 अप्रैल को इन सब लोगों को चांदनी महल इलाके की अलग-अलग 13 मस्जिदों में से निकालकर गुलाबी बाग के क्वारंटइन सेंटर में रखा गया था। 52 लोगों के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद डीएम ने पूरे इलाके को तुरंत सील करने के आदेश जारी किए हैं।

दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने शनिवार सुबह बताया कि दिल्ली में संक्रमितों की संख्या 903 हो गई है। चांदनी महल के बारे में जानकारी देते हुए स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने कहा, “वहां कई लोग कोरोनावायरस से ग्रसित मिले हैं। हालांकि यह मामला पहले से दिल्ली सरकार के संज्ञान में है और सभी लोगों को क्वारंटाइन किया गया है।”

 

(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)