मेट गाला में अनोखे अंदाज में नजर आए प्रियंका, निक जोनस

  • Follow Newsd Hindi On  

न्यूयॉर्क, 7 मई (आईएएनएस)| अमेरिकी गायक व अभिनेता निक जोनस और अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा शादीशुदा जोड़े के रूप में अनोखे अंदाज में मेट गाला-2019 पहुंचे।

दोनों के लुक ने लोगों का बरबस ही ध्यान खींच लिया।


शादीशुदा जोड़े के रूप में निक (26) और प्रियंका (36) का यह मेट गाला रहा। दोनों सोमवार रात को इस गाला में शामिल हुए।

इस बार इवेंट का थीम ‘कैम्प : नोट्स ऑन फैशन’ था। पिंक कार्पेट पर प्रियंका तड़क-भड़क के साथ अनोखे अंदाज में दिखीं। उन्होंने रंग-बिंरगे फेदर व रफल्स वाला सिल्वर रंग का हाई-लेग स्प्लिट कस्टम-मेड डियोर गाउन पहन रखा था। साथ ही कंधे पर केप डाल रखा था और अपने बिग हेयरस्टाइल के साथ क्राउन लगा रखा था। उनके परिधान में सिल्वर क्रिस-क्रॉस के साथ शीयर टॉप शामिल रहा।

सिल्वर स्पाइक्ड क्राउन के साथ उनके अनोखे व ड्रैमेटिक लुक ने सबका ध्यान आकर्षित किया।


निक सफेद रंग के डियोर मेन टक्सीडो और सिल्वर क्रिश्चियन लोबुटिन हील्ड शूज में बेहद आकर्षक लग रहे थे।

‘पेजसिक्स डॉट कॉम’ के मुताबिक, निक ने ‘बोरजियोनी एंड मार्ली न्यूयॉर्क’ के डायमंड ईयर कफ्स, डायमंड ब्रेसलेट और रिंग पहन रखा था। उन्होंने लगभग 100,000 डॉलर मूल्य की ज्यूलरी पहन रखी थी।

साल 2017 में मेट गाला में प्रियंका और निक ने पहली बार साथ में चहलकदमी की थी। दोनों ने साथ में पोज किया था, जिसके बाद दोनों के बीच रोमांस की अटकलें लगनी शुरू हो गई थीं।

 

(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)