महाराष्ट्र चुनाव : भाजपा ने उम्मीदवारों की सूची जारी की

  • Follow Newsd Hindi On  

 नई दिल्ली, 1 अक्टूबर (आईएएनएस)| महाराष्ट्र चुनाव के मद्देनजर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मंगलवार को 125 विधानसभा सीटों पर अपने उम्मीदवारों के नामों की सूची जारी कर दी है।

  मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़णवीस को एक बार फिर नागपुर साउथ वेस्ट सीट से मैदान में उतारा गया है। इससे एक दिन पहले ही भाजपा ने हरियाणा में उम्मीदवारों की सूची जारी की थी।


भाजपा प्रदेश प्रमुख चंद्रकांत दादा पाटिल कोथरुड से चुनाव लड़ेंगे। वहीं अन्य लोगों में मनोहर भदाने ग्रामीण धुले और भाजपा मंत्री पंकजा मुंडे परली से मैदान में हैं।

मंगलवार की यह घोषणा उस वक्त हुई है, जब इससे ठीक एक दिन पहले शिवसेना और भाजपा ने यह घोषणा की थी कि वह विधानसभा चुनाव एक साथ लड़ेंगे। भाजपा के राज्य प्रमुख पाटिल और शिवसेना के वरिष्ठ नेता सुभाष देसाई ने सोमवार रात बयान पर इसकी जानकारी दी थी।

इसबीच, शिवसेना ने केवल 124 विधानसभा सीटों पर उम्मीदवारों के नामों की सूची जारी की है। आईएएनएस वह पहला मीडिया संस्थान रहा जिसने यह दावा किया था कि चुनाव पूर्व गठबंधन के अनुसार, शिवसेना को केवल 124 सीटें दी जाएंगी। हालांकि, शिवसेना को भाजपा के कोटे से विधान परिषद की सीटें दी जाएंगी।


उम्मीदवारों के नामों को रविवार को हुई भाजपा केंद्रीय चुनाव समिति (सीईसी) की बैठक में मंजूरी दी गई।

सीईसी की बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, पार्टी अध्यक्ष अमित शाह, कार्यकारी अध्यक्ष जे.पी. नड्डा, राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी जैसे नेता मौजूद रहे।

भाजपा के पास कम समय रह गया है, क्योंकि चुनाव आयोग ने नामांकन की आखिरी तिथि 4 अक्टूबर तय की है।

288 सदस्यों वाली महाराष्ट्र विधानसभा के लिए चुनाव 21 अक्टूबर को होना है। वहीं, परिणाम 24 अक्टूबर को घोषित किए जाएंगे।

(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)