MP By Election Result Live Updates: मध्यप्रदेश की 28 सीटों पर हुए उपचुनाव की मतगणना आज हो रही है। मतगणना सुबह आठ बजे से 19 जिला मुख्यालयों पर होगी। इन 28 सीटों के नतीजे से यह स्पष्ट हो जाएगा कि मध्यप्रदेश में शिवराज सिंह चौहान की सरकार कायम रहेगा या नहीं।
आपको बता दें कि मार्च महीने में ज्योतिरादित्य सिंधिया (Jyotiraditya Scindia) 22 विधायकों के साथ कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में शामिल हो गए थे, उसके बाद तीन और विधायकों ने भाजपा का दामन थाम लिया था। वहीं तीन मौजूदा विधायकों के निधन से तीन सीटें खाली हुई थीं।
आज हो रही मतगणना भारतीय जनता पार्टी की सरकार बचाने के लिहाज से काफी मायने रखती है, आज घोषित हो रहे चुनाव परिणामों के साथ ही मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ और राज्यसभा सदस्य ज्योतिरादित्य सिंधिया का राजनीतिक भविष्य भी तय होगा।
एक जानकारी के मुताबिक उपचुनाव के नतीजे दोपहर बाद आने की संभावना है। इस बार 27 हजार उन मतदाताओं ने डाक मतपत्रों से मताधिकार का उपयोग किया जो 80 साल से अधिक आयु, निशक्तजन या कोरोना संक्रमित या संदिग्ध थे। प्रत्येक चक्र की गणना को तभी पूरा माना जाएगा, जब सभी उम्मीदवार इससे संतुष्ट होंगे।
इसके बाद अगले चक्र की गणना की जाएगी। अधिकारियों ने बताया कि हर एक विधानसभा क्षेत्र की पांच-पांच वोटिंग वैयरीफायबल पेपर ऑडिट ट्रेल (वीवीपेट) की पर्चियों से इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) में दर्ज मतों की गणना की जा रही है। इससे यह स्पष्ट होगा कि जो मत ईवीएम में दर्ज हैं, वह सही हैं।