मप्र : मंत्री जयवर्धन ने पिता दिग्विजय की उम्मीदवारी को ‘चुनौती’ मानी

  • Follow Newsd Hindi On  

 भोपाल, 24 मार्च (आईएएनएस)| मध्य प्रदेश में पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के पुत्र और कमलनाथ सरकार में मंत्री जयवर्धन सिंह ने पिता की भोपाल संसदीय क्षेत्र से उम्मीदवारी को एक चुनौती के रूप में लिया है और कहा है कि उन्हें भी जिद है कि वह पिता की जीत के लिए कोई कोर-कसर नहीं छोड़ेंगे।

 जयवर्धन ने रविवार को ट्वीट कर शायराना अंदाज में अपनी बात कही। उन्होंने लिखा, “फलक को जिद है, बिजलियां गिराने की, तो हमें भी जिद है, वहीं पर आशियां बनाने की।” सिंह ने आगे लिखा है, “सर्वत्र दिग्विजय सर्वदा दिग्विजय।” इस ट्वीट के साथ जयवर्धन ने दिग्विजय और अपनी तस्वीर भी साझा की है।


जयवर्धन ने अपनी बात कहने के लिए फेसबुक वाल का भी इस्तेमाल किया। उन्होंने पिता के लिए लिखा, “दाता (दिग्विजय सिंह) आप ने जीवन हो या राजनीति, दोनों में आई चुनौतियों के समय भय या लालच के जाल में न फंसकर अपने स्वधर्म को नहीं छोड़ा। आपने जो कहा, सो किया! दाता, आप हमसब के प्रेरणास्रोत हैं। आपने हर चुनौती को स्वीकार किया है अपने दायित्व को पूर्ण निष्ठा से निभाया है। इस बात का गवाह है पूरा देश और प्रदेश, और आगे भोपाल इसका साक्षी बनने वाला है। इस चुनौतीपूर्ण समय में भोपाल का हर जवान निष्ठावान कार्यकर्ता आप के साथ है। जय हिंद।”

भोपाल संसदीय सीट कांग्रेस के लिए कठिन सीटों में गिना जाता है। वर्ष 1989 के बाद यानी तीन दशकों से यहां पर कांग्रेस को जीत नसीब नहीं हुई है। लिहाजा, मुख्यमंत्री व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने दिग्विजय सिंह को कठिन सीट से चुनाव लड़ाने की बात कही थी और शनिवार को उन्होंने ही भोपाल से पूर्व मुख्यमंत्री को उम्मीदवार बनाए जाने का ऐलान किया था।

सूत्रों के मुताबिक, दिग्विजय सिंह राजगढ़ से चुनाव लड़ना चाहते थे। हालांकि उन्होंने कहा था कि पार्टी जो आदेश करेगी, उसे मानेंगे।


(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)