मुंबई का मोस्ट वांटेड अपराधी एजाज लकड़ावाला पटना से गिरफ्तार

  • Follow Newsd Hindi On  

पटना, 9 जनवरी (आईएएनएस)| बिहार की राजधानी पटना के जक्कनपुर थाना क्षेत्र से एक कुख्यात माफिया सरगना को गिरफ्तार किया है। इसकी पुष्टि पटना पुलिस ने गुरुवार को की है। एजाज लकड़ावाला महाराष्ट्र पुलिस का मोस्ट वांटेड अपराधी है, उसके खिलाफ मुंबई में 25 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। बिहार के अपर पुलिस महानिदेशक (विधि-व्यवस्था) अमित कुमार ने यहां गुरुवार को पत्रकारों को बताया कि मुंबई पुलिस बुधवार को यहां आई थी और पटना पुलिस से एक व्यक्ति की गिरफ्तारी के लिए मदद मांगी थी।

पटना विशेष कार्य बल (एसटीएफ) और जक्कनपुर थाना पुलिस की मदद से मुंबई पुलिस ने जक्कनुपर थाना क्षेत्र के मीठापुर बस स्टैंड के पास से बुधवार को एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है, जिसकी पहचान एजाज लकड़ावाला के रूप में की गई है।


उन्होंने कहा कि मुंबई पुलिस अन्य कागजी कार्रवाई करने के बाद उसे मुंबई ले गई।

सूत्रों के मुताबिक एजाज लकड़ावाला महाराष्ट्र पुलिस का मोस्ट वांटेड अपराधी है। उसके खिलाफ मुंबई में 25 से भी अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं जिनमें रंगदारी, वसूली, हत्या और फिरौती वसूलने के मामले शामिल हैं। पटना पुलिस अब उसके विषय में और जानकारी जुटाने में लगी है तथा यह पता लगाने में जुटी है वह यहां क्यों आया था और कहां रह रहा था।

 


(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)