राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो ने जारी किये 2017 के आंकड़े, महिलाओं पर सबसे ज्यादा अत्याचार उत्तर प्रदेश में

  • Follow Newsd Hindi On  
राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो ने जारी किये 2017 के आंकड़े, महिलाओं पर सबसे ज्यादा अत्याचार उत्तर प्रदेश में

Annual Crime in India Report 2017: राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (National Crime Records Bureau (NCRB) ने दो साल की देरी के बाद आखिरकार सोमवार को 2017 के आंकड़े जारी कर दिए। रिपोर्ट में लगभग हर श्रेणी के अपराधों के आंकड़े दिए गए हैं। रिपोर्ट की खास बात यह है कि इस बार भ्रामक (फर्जी) खबर को भी अपराध की श्रेणी में रखा गया है। आधिकारिक रिकॉर्ड के अनुसार इसमें 257 मामले दर्ज किए गए हैं।

उत्तर प्रदेश में तेजी से बढ़ी घटनाएं, दिल्ली में आई कमी

उत्तर प्रदेश में महिलाओं के प्रति अपराध के दर्ज मामलों की संख्या साल 2015 में 35 हजार 908 और साल 2016 में 49 हजार 262 थी। जबकि साल 2017 में कुल 56 हजार 11 मामले दर्ज किए गए।


वहीं एनसीआरबी के आंकड़े दिल्ली में काफी हद तक हालात सुधरने की ओर इशारा कर रहे हैं। दिल्ली में महिलाओं के प्रति अपराध के दर्ज मामलों की संख्या साल 2015 में 17 हजार 222 और साल 2016 में 15 हजार 310 थी। वहीं 2017 में इन आंकड़ों में कमी आई और 13 हजार 76 मामले दर्ज किए गए।

फर्जी खबर फैलाने में मध्य प्रदेश पहले नंबर पर

रिपोर्ट के अनुसार मध्यप्रदेश फर्जी संदेश फैलाने के मामले में पहले नंबर पर रहा। यहां 138 मामले रिपोर्ट हुए। 32 मामलों के साथ यूपी दूसरे और 18 के साथ केरल तीसरे स्थान पर रहा। जम्मू कश्मीर में फर्जी खबर के केवल चार मामले दर्ज हुए।

यह पहली बार है जब सरकार ने भारतीय दंड संहिता की धारा 505 के तहत ऐसे अपराधों पर डाटा संकलित किया है। आईटी अधिनियम के साथ धारा 505 के तहत अपराध दर्ज किए गए थे। 11 राज्यों में झूठी खबरों/ अफवाहों की कोई घटना दर्ज नहीं हुई। जिसमें झारखंड और हरियाणा शामिल है। यहां बच्चा चोरी, पशु तस्करी आदि के मामले में कई लोगों की जान चली गई है।


(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)