Delhi: निरंकारी मैदान पर किसानों को जरूरी सुविधाएं देगी दिल्ली सरकार

  • Follow Newsd Hindi On  
Delhi: निरंकारी मैदान पर किसानों को जरूरी सुविधाएं देगी दिल्ली सरकार

कृषि कानूनों के खिलाफ अपना विरोध जताने पंजाब से दिल्ली आए किसानों को बुराड़ी के निरंकारी मैदान पर प्रदर्शन की अनुमति दी गई है। ऐसे में दिल्ली सरकार ने निरंकारी मैदान पर किसानों के लिए बेसिक आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है। इसके अंतर्गत सबसे पहले यहां किसानों के लिए पेयजल की व्यवस्था करवाई जा रही है।

दिल्ली की केजरीवाल सरकार ने अपने विधायक एवं दिल्ली जल बोर्ड के उपाध्यक्ष राघव चड्ढा को बुराड़ी पहुंचकर स्वयं व्यवस्था का जायजा लेने को कहा है।


दिल्ली सरकार ने आधिकारिक जानकारी देते हुए कहा, राघव चड्ढा, दिल्ली जल बोर्ड के उपाध्यक्ष, शुक्रवार शाम निरंकारी ग्राउंड, बुराड़ी का दौरा करेंगे। अनुमोदित विरोध स्थल पर विरोध प्रदर्शन कर रहे किसानों के लिए पीने के पानी की उचित व्यवस्था करने के लिए कहा गया है। यहां पानी के टैंकर तैनात किए जा रहे हैं। उसी की तैयारियों को देखने के लिए डीजेबी के उपाध्यक्ष राघव चड्ढा धरना स्थल पर जा रहे हैं।

आम आदमी पार्टी विधायक व दिल्ली जल बोर्ड के उपाध्यक्ष राघव चड्ढा ने कहा, किसानों को उनकी बात रखने का हक है और उनके साथ किसी मुजरिम की तरह बर्ताव नहीं किया जा सकता है।

दिल्ली पुलिस ने दिल्ली के 9 स्टेडियमों को अस्थाई जेल बनाने की अनुमति मांगी थी। हालांकि केजरीवाल सरकार ने पुलिस की अपील ठुकरा दी। दिल्ली सरकार ने आधिकारिक बयान जारी करते हुए किसानों का समर्थन किया है। राज्य सरकार का कहना है कि किसानों की मांग जायज है और उन्हें प्रदर्शन करने का अधिकार है।


किसानों का समर्थन करते हुए मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा, केंद्र सरकार के तीनों खेती कानून किसान विरोधी हैं। ये कानून वापस लेने की बजाय किसानों को शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने से रोका जा रहा है, उन पर वॉटर कैनन चलाया जा रहा है। किसानों पर ये जुल्म बिलकुल गलत है। शांतिपूर्ण प्रदर्शन उनका संवैधानिक अधिकार है।

–आईएएनएस

 

(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)