प्रियंका के आने से कांग्रेस ‘2जी’ से ‘3जी’ की ओर, अब और घोटाले करेगी : शाह

  • Follow Newsd Hindi On  

कोंटई (पश्चिम बंगाल), 29 जनवरी (आईएएनएस)| भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष अमित शाह ने मंगलवार को प्रियंका गांधी वाड्रा के सक्रिय राजनीति में प्रवेश का मजाक उड़ाते हुए कहा कि यह कांग्रेस में ‘तीसरे जी का प्रवेश’ है और कहा कि ‘उनके आने के बाद अब कांग्रेस पहले से भी ज्यादा घोटाला करेगी।’ केंद्र के पूर्ववर्ती संप्रग (संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन) शासन के तहत हुए 2जी घोटाले का संदर्भ देते हुए शाह ने कहा कि तब सरकार वास्तव में ‘2जी सरकार’ थी, जिसे तत्कालीन कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और उनके बेटे तथा पार्टी के वर्तमान अध्यक्ष राहुल गांधी द्वारा निर्देश दिए जाते थे।

शाह ने बंगाल के पूर्वी मिदनापुर जिले में एक सार्वजनिक रैली में कहा, “केंद्र में 10 साल तक यूपीए सरकार सत्ता में थी। उस समय सरकार ‘2 जी’ थी-सोनिया गांधी और राहुल गांधी। वे 12 लाख करोड़ रुपये के घोटाले करने में कामयाब रहे। इसलिए, अगर प्रियंका गांधी के रूप में तीसरा जी आता है, तो कौन जानता है कि वे कितना घोटाला करेंगे।”


उन्होंने दावा किया, “प्रियंका गांधी को पार्टी में तीसरे जी के रूप में शामिल कर वे पहले से कहीं अधिक घोटालों में लिप्त होने की योजना बना रहे हैं।”

प्रियंका को कांग्रेस ने 23 जनवरी को महासचिव (प्रभारी पूर्वी उत्तर प्रदेश) के रूप में नियुक्त किया था।

भाजपा प्रमुख ने दावा किया कि कांग्रेस की तरह, बंगाल की सत्ताधारी पार्टी तृणमूल कांग्रेस भी वंशवाद की राजनीति करती है क्योंकि वह पार्टी सुप्रीमो ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी को आगे बढ़ा रही है।


उन्होंने कहा, “कांग्रेस वंशवाद की राजनीति का पर्याय है। इंदिरा गाधी के बाद, संजय गांधी, राजीव गांधी, सोनिया गांधी, राहुल गांधी और अब प्रियंका गांधी.. इसी तरह तृणमूल कांग्रेस में बनर्जी के भतीजे उनके बाद राज करने के लिए तैयार हो रहे हैं। वंशवाद की राजनीति देश के लिए अच्छी नहीं है।”

शाह ने कहा कि भाजपा लीडरों के माध्यम से सरकार चलाने की बात करती है, जबकि विपक्षी दल ‘डीलरों’ का उपयोग करके सरकार चलाने में रुचि रखते हैं।

उन्होंने कहा, “हम सरकार चलाने के लिए लीडर के बारे में बात करते हैं, वे दलालों और डीलरों के बारे में बात करते हैं। वे आपको ‘मजबूर’ सरकार देंगे, हम आपको ‘मजबूत’ सरकार देंगे। केवल नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ही मजबूत सरकार बन सकती है।”

 

(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)