Farmers Protest: पुलिस के पहरे के बीच किसान कर रहे आंदोलन

  • Follow Newsd Hindi On  
Farmers Protest: डीएमके, सहयोगी दल किसानों में समर्थन में आज भूख हड़ताल पर

कृषि कानूनों को लेकर कृषि प्रस्ताव को ठुकराने के बाद आज किसानों ने सभी टोल फ्री करने का एलान किया है। कानून व्यवस्था न बिगड़े इसे देखते हुए पुलिस सतर्क हो गई है। जिलों के सभी टोल पर विशेष पुलिस फोर्स तैनात की गयी है। करीब 130 टोल प्लाजा पर पुलिस का कड़ा पहरा है। इसके बावजूद भी किसान टोल पर प्रदर्शन कर रहे हैं।

अलीगढ़ में किसानों ने गभाना और मडराक टोल को फ्री कराने की रणनीति बनाई। प्रशासन को इसकी भनक मिलते ही मुस्तैद हो गया। मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया। पहले से बनी रणनीति के तहत शनिवार की सुबह भाकियू अम्बाबता गुट के कार्यकर्ता गभाना टोल प्लाजा पर पहुंचकर नारेबाजी करने लगे। मौके पर पहुंचे एसडीएम प्रवीण यादव ने उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे अपनी जिद पर अड़े रहे।


बाराबंकी में टोल प्लाजा पर सुबह से ही सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता कर दी गई थी। आंदोलन को लेकर कई किसान नेताओं को उनके घरों पर हाउस अरेस्ट कर दिया गया था। इसके बावजूद भाकियू भानु गुट के एक दर्जन से अधिक कार्यकर्ताओं ने कुछ मिनट के लिए लखनऊ-अयोध्या हाईवे को जाम कर प्रदर्शन किया।

डीएम डॉ. आदर्श सिंह व एसपी डॉ. अरविन्द चतुर्वेदी किसान आंदोलन को लेकर सतर्कता व तैनात सुरक्षाकर्मियों की जांच करने के लिए स्वयं अयोध्या हाईवे पर स्थित अहमदपुर टोल प्लाजा व बहराइच हाईवे स्थित टोल प्लाजा पहुंचे। सुबह से ही टोल प्लाजा पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था। निरीक्षण के दौरान डीएम व एसपी ने टोलकर्मियों से कहा कि वह अपना काम करें, शांति भंग करने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा।

बहराइच में भारतीय किसान यूनियन भानु गुट के जिलाध्यक्ष पतिराम चौधरी को रात भर थाने में रखकर सुबह उनके आवास नवाबगंज स्थित तेजाफाटा गांव में नजरबंद किया गया है। एसएसआई सुभाषचंद्र यादव के साथ आधा दर्जन से ज्यादा पुलिसकर्मी उनकी नजरबंदी के लिए तैनात किए गए हैं। जिलाधिकारी शंभू कुमार ने आंदोलन के मद्देनजर सभी टोल प्लाजा पर मजिस्ट्रेटों की तैनाती की है। भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है।


आईजी कानून व्यवस्था ज्योति नारायण ने बताया कि शनिवार को सभी टोल प्लाजा पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। खासकर पड़ोसी राज्यों की सीमा के टोल प्लाजा पर विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है। गड़बड़ी करने वाले तत्वों पर नजर रखने व कहीं भी शांति व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास करने वालों पर कठोर कार्रवाई करने को कहा गया है। किसान आंदोलन को लेकर समाजवादी पार्टी के 14 दिसंबर को आंदोलन की तैयारी को देखते हुए भी सुरक्षा के सभी बंदोबस्त कड़े किये जाने के निर्देश दिए गए हैं।

पूर्व मंत्री पंडित सिंह व योगेश सिंह नजरबंद रू गोंडा में किसान यात्रा निकालने को लेकर पुलिस ने पूर्व मंत्री विनोद कुमार उर्फ पंडित सिंह को नवाबगंज व पूर्व राज्यमंत्री योगेश प्रताप सिंह को भंभुआ कोट स्थित आवास पर नजरबंद कर दिया है। उनके आवास पर कई थानों की पुलिस तैनात की गई है। समाजवादी पार्टी ने तरबगंज, कटरा व कर्नलगंज विधानसभा में किसान यात्रा निकालने की तैयारी की है। कर्नलगंज विधानसभा के परसपुर बाजार में किसान यात्रा की जिम्मेदारी पूर्व राज्यमंत्री योगेश प्रताप सिंह को सौंपी गई है। शनिवार की सुबह ही पूर्व राज्यमंत्री के भंभुआ कोट स्थित आवास पर कई थानों की पुलिस तैनात कर दी गई।

–आईएएनएस

(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)