Bihar: रामविलास पासवान की पार्टी के जिलाध्यक्ष का बेटा बैंक लूट में रांची से हुआ गिरफ्तार, पहले भी लूटे कई बैंक

  • Follow Newsd Hindi On  
Bihar: रामविलास पासवान की पार्टी के जिलाध्यक्ष का बेटा बैंक लूट में रांची से हुआ गिरफ्तार, पहले भी लूटे कई बैंक

केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान की पार्टी लोक जन शक्ति (LJP) के नेता के बेटे को पुलिस ने बैंक लूटने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है। एलजेपी के जिलाध्यक्ष राजू पासवान के बेटे शशि पासवान पर नालंदा जिले के राजगीर थाना क्षेत्र के पिलखी स्थित देना बैंक से 4 महीने पहले ढाई लाख रुपये चुराने का आरोप है।

पुलिस ने आरोपी शशि पासवान के साथ एक शख्स को रांची के बरियातू से गिरफ्तार किया है। पार्टी नेता के बेटे को 2 साल पहले भी बैंक से 36 लाख लूटने के आरोप में गिरफ्तार किया जा चुका है। जिसके बाद वह जमानत पर बाहर निकला हुआ था।


मीडिया खबरों के मुताबिक, देना बैंक लूट की घटना को अंजाम देने के बाद शशि पासवान बिहार छोड़कर झारखंड भाग गया था। लंबी छानबीन के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की। वहीं, दूसरा गिरफ्तार बैंक लुटेरा बिहारशरीफ के प्रभात कुमार सिंह का पुत्र गोल्डी है, जो शशि का दाहिना हाथ बताया जाता है।

लोजपा (LJP) जिलाध्यक्ष के बेटे के ऊपर बैंक लूट की कई घटनाओं में शामिल होने का आरोप है। उसने इससे पहले एकंगरसराय, लहेरी में भी हुई बैंक लूट की घटनाओं में उसका नाम सामने आया था। इन वारदातों के बाद वह फरार था और पुलिस सरगर्मी से उसकी तलाश कर रही थी।

न्यूज 18 के हवाले से नालंदा एसपी नीलेश कुमार ने बताया कि शशि पासवान बैंक लूट की कई घटनाओं में शामिल रहा है। सोहसराय के केनरा बैंक, राजगीर के देना बैंक के साथ-साथ लहेरी थाना क्षेत्र में एलआईसी एजेंट से दो लाख से अधिक लूटकांड में भी उसका नाम आया था।


वहीं, एकंगरसराय में दक्षिण मध्य ग्रामीण बैंक के कर्मी से 91 हजार की लूट, दीप नगर में फ्लिपकार्ड कर्मी से लाखों की लूट समेत समस्तीपुर व दरभंगा जिले में भी कई बैंक लूटकांड में वह शामिल था। उसका अन्य साथी भी पूर्व में गिरफ्तार किया गया है।

(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)