रोहन गुप्ता बने कांग्रेस सोशल मीडिया विभाग के चेयरमैन

  • Follow Newsd Hindi On  

रोहन गुप्ता (Rohan Gupta) को ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी (AICC) के सोशल मीडिया विभाग का चेयरमैन नियुक्त किया गया है। कांग्रेस संदेश की ओर से किये गए ट्वीट में यह घोषणा की गई। कांग्रेस के पार्टी महासचिव के सी वेणुगोपाल की ओर से जारी बयान के अनुसार कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने रोहन गुप्ता की नियुक्ति को स्वीकृति प्रदान की। गौरतलब है कि इससे पहले दिव्या स्पंदना कांग्रेस के सोशल मीडिया विभाग के प्रमुख की जिम्मेदारी निभा रही थीं।


गुजरात के अहमदाबाद से आने वाले रोहन गुप्ता कांग्रेस पार्टी के सदस्य हैं। गुजरात कांग्रेस आईटी सेल के अध्यक्ष के तौर पर काम कर रहे रोहन 2016 से कांग्रेस के नेशनल मीडिया पैनलिस्ट रहे हैं।

2017 गुजरात विधानसभा चुनाव प्रचार से आये थे सुर्खियों में

गुप्ता ने 2017 में उस समय सुर्खियां बटोरी थीं जब उन्होंने गुजरात विधानसभा चुनावों के लिए कांग्रेस की सोशल मीडिया टीम का नेतृत्व किया था। कांग्रेस सोशल मीडिया टीम ने चुनाव प्रचार के दौरान विकास गोंडो थायो छे (विकास चला गया है) नारे को प्रचारित किया था, जिसने भाजपा के विकास के नारे को पीछे धकेल दिया था। यहां तक की विकास गोंडो थायो छे गुजरात में भाजपा के शासन की आलोचना के प्रतीक के रूप में वायरल हुआ था। बाद में चुनाव परिणामों ने भी कांग्रेस को राहत दी थी। पिछले 2 दशक के गुजरात चुनाव में कांग्रेस ने 2017 में सबसे बेहतर प्रदर्शन करते हुए 182 सदस्यों वाली विधानसभा में 99 सीटों पर जीत दर्ज की थी।

(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)