शिवाजी, संभाजी ने गोवा में हिंदू संस्कृति को बनाए रखने में मदद की : सावंत

  • Follow Newsd Hindi On  

पणजी, 27 फरवरी (आईएएनएस)। मराठा सम्राट छत्रपति शिवाजी और उनके बेटे संभाजी ने हिंदू संस्कृति और स्वधर्म के संरक्षण में मदद की। गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने यह बात उत्तरी गोवा जिले के सानक्विलिम में आयोजित एक मराठी दिवस समारोह में कही।

सावंत ने यह भी कहा कि गोवा और महाराष्ट्र के बीच सदियों से समृद्ध संबंध रहे हैं। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र के स्वतंत्रता सेनानियों ने पुर्तगाली औपनिवेशिक शासन को उखाड़ फेंकने के लिए गोवा के संघर्ष में योगदान दिया है।


सावंत ने कहा, शिवाजी महाराज के समय से ही गोवा का महाराष्ट्र से संबंध रहा है। उन्होंने अपने समय में गोवा में धार्मिक और हिंदू संस्कृति को संरक्षित किया। यह उनके और संभाजी के शासनकाल के दौरान ही था कि स्वदेशी धार्मिक प्रथाओं को बनाए रखा गया।

1600 के दशक में शिवाजी का शासनकाल रहा और इसी समय पर गोवा में प्रारंभिक पुर्तगाली शासन था। यह वो समय था, जब ईसाई धर्म अपनाने के लिए लोगों को मजबूर किया जाता था।

मुख्यमंत्री सावंत ने कहा, गोवा स्वतंत्रता संग्राम में भी महाराष्ट्र का बड़ा योगदान रहा है। हम 60 साल की आजादी का जश्न मना रहे हैं। स्वतंत्रता सेनानी पूरे भारत से, विशेषकर गोवा-महाराष्ट्र सीमा से आए थे।


उन्होंने यह भी कहा कि गोवा में स्वतंत्रता संग्राम में भाग लेने के लिए महाराष्ट्र के 20 स्वतंत्रता सेनानियों को पुर्तगाली सैनिकों ने गोली मार दी थी।

–आईएएनएस

एकेके/एसजीके

(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)