Kishore Kumar Birth Anniversary: सिंगर, एक्टर किशोर कुमार का जन्मदिन आज, जानें उनकी जिंदगी से जुड़ी सबसे रोचक बातें

  • Follow Newsd Hindi On  
Singer actor Kishore Kumar's birthday today know the most interesting things related to his life

मशहूर गायक किशोर कुमार (Kishore Kumar) की जादुई आवाज के ढे़रों दीवाने हैं। किशोर दा हिंदी फिल्मी दुनिया की ऐसी हस्ती रहे हैं, जिनका हर कोई मुरीद रहा है। किसी को उनकी गायकी पसंद थी, तो किसी को अदाकारी। सिंगर, अभिनेता, लेखक, फिल्म निर्माता, संगीतकार, स्क्रीनराइटर किशोर कुमार का जन्म 4 अगस्त 1929 को मध्यप्रदेश के खंडवा जिले में हुआ था।

किशोर कुमार का असली नाम आभास कुमार था। उन्हें बचपन से  ही अभिनय और गायकी का शौक था। उन्होंने 1946 में बनी फिल्म ‘शिकारी’ से अदाकारी की शुरुआत की।  साल 1948 में संगीत निर्देशक खेमचंद प्रकाश ने उन्हें ‘जिद्दी’ फिल्म में ‘मरने की दुआएं क्यों मांगूं’ गीत गाने का पहली बार मौका दिया।


किशोर दा ने ‘माना जनाब ने पुकारा नहीं’, ‘ये जो मोहब्बत है’, ‘ओ हंसिनी मेरी हंसिनी’, ‘रूप तेरा मस्ताना’, ‘एक लड़की भीगी भागी सी’, ‘हाल कैसा है जनाब का’, ‘नीले नीले अंबर’ और ‘ऐसे ना मुझे तुम देखो’ आदि यादगार गाने गाए। उन्होंने हिंदी, बंगाली, असमिया, गुजराती, भोजपुरी, कन्नड़, मलयालम और उर्दू में गानें गाए।

किशोर अपने बड़े भाई अशोक कुमार से ज्यादा पैसे कमाना चाहते थे। उनके पसंदीदा गायक केएल सहगल थे। किशोर हमेशा से उन्हीं की तरह बनना चाहते थेे। किशोर 70 और 80 के दशक में किशोर कुमार सबसे महंगे सिंगर थे। उन्होंने उस वक्त के सभी बड़े कलाकारों के लिए अपनी आवाज दी। राजेश खन्ना और अमिताभ बच्चन के लिए उनकी आवाज बेहद पसंद की जाती थी।

आज भले ही किशोर कुमार हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनकी आवाज का जादू हमारे बीच आज भी बरकरार है। उनके जन्मदिन पर जानिए उनसे जुड़ी 10 खास बातें…


– किशोर कुमार ने सिर्फ राजेश खन्ना के लिए ही 245 गाने गाए थे।

– इसके बाद उन्होंने जितेंद्र, देव आनंद और अमिताभ बच्चन के लिए क्रमशः सर्वाधिक गाने गाए।

– हाफ टिकट फिल्म में किशोर दा ने महिला और पुरुष दोनों की आवाजों में खुद गाना गाया था।

– भारत में इमरजेंसी के दौरान मुंबई में कांग्रेस की रैली होनी थी। इस रैली में किशोर कुमार से गाने को कहा गया, लेकिन उन्होंने इससे इंकार कर दिया।

-जिसके बाद इमरजेंसी रहने तक ऑल इंडिया रेडियो और दूरदर्शन पर किशोर कुमार के गानों को बैन कर दिया गया था।

– किशोर कुमार ने कुळ चार शादी की थीं। उनकी पहली पत्नी का नाम रूमा गुहा ठाकुरता था। मधुबाला उनकी दूसरी पत्नी थीं। अभिनेत्री योगिता बाली उनकी तीसरी पत्नी थीं। किशोर कुमार की चौथी पत्नी लीना चंद्रावरकर थीं।

– किशोर कुमार की तीसरी पत्नी योगिता बाली थीं। उनसे अलग होने के बाद योगिता ने जिन्होंने बाद में मिथुन चक्रवर्ती से शादी कर ली थी। जिसके बाद किशोर कुमार ने मिथुन के लिए गाने गाना बंद कर दिया था।

– फिल्मी दुनिया की इतनी बड़ी नामचीन हस्ती होने के बावजूद किशोर कुमार के दोस्त नहीं थे।

– कहा जाता है कि वह अक्सर पेड़ों से बातें किया करते थे। एक बार एक महिला रिपोर्टर को अपने पेड़ों से मिलाने के लिए वह उन्हें अपने बगीचे में ले गए थे।

– किशोर कुमार का मशहूर गीत ‘5 रुपैया 12 आना’ उनके कर्ज पर आधारित था।

-इंदौर स्थित कॉलेज की कैंटीन में उनके ऊपर 5.75 रुपये उधार थे। इसी से प्रेरित होकर उन्होंने यह गाना तैयार किया था।

(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)