रांची : टंकी से पानी भरने के विवाद में हुई चाकूबाजी, महिला समेत 6 घायल

  • Follow Newsd Hindi On  

देश में बढ़ते पानी की समस्या के बीच कई इलाकों में इसे लेकर हिंसा की खबरें भी सामने आ रही हैं। रांची (Ranchi) में पानी की किल्लत को लेकर चाकूबाजी का मामला सामने आया है। यहां टंकी से पानी भरने के विवाद में गुरुवार रात नौ बजे एक युवक ने महिला समेत पांच लोगों को चाकू मारकर जख्मी कर दिया। यह घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के भुइयां टोली में हुई। कोतवाली थाना क्षेत्र की भुइयां टोली में गुरुवार रात पानी भरने को लेकर हुए एक विवाद में चाकूबाजी हो गई। घटना में एक महिला सोना देवी समेत छह लोग घायल हो गये।

क्या है पूरा मामला?

स्थानीय लोगों के मुताबिक घटना रात 9:00 बजे की है। लोगों ने बताया कि भुइयां टोली में स्थित पानी की टंकी से पानी भरने को लेकर हमेशा ही विवाद होता रहता है। आरोप है कि कुछ लोग वहां दबंगई कर दूसरे को पानी लेने के दौरान परेशान करते हैं। गुरुवार रात पहले हम-पहले हम के कारण विवाद हुआ। उसी में अपने नानी घर गये भरत प्रसाद साहू ने सोना देवी और उसके चारों बेटों पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में सभी को घायल हो गये। जब वह चाकू चलाने लगा, तो दूसरे पक्ष के लोगों ने उस पर भी वार कर दिया, जिससे वह भी घायल हो गया


उसका इलाज भी सेवा सदन अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है। आरोपी किशोरगंज का रहनेवाला है। घटना के बाद काफी संख्या में भुइयां टोली के लोग घायलों का हाल जानने के लिए सेवा सदन अस्पताल पहुंचे हुए थे।

आपको बता दें कि घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को सेवा सदन अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस के अनुसार महिला की स्थिति गंभीर बनी हुई है।


(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)