टी-20 विश्व कप के लिए राहुल, धोनी के सही विकल्प : गंभीर

  • Follow Newsd Hindi On  

नई दिल्ली, 13 अप्रैल (आईएएनएस)। भारतीय टीम के पूर्व सलामी बल्लेबाज गौतम गंभीर का मानना है कि अगर आईपीएल का 13वां सीजन कोविड-19 के कारण इस साल नहीं हो पाता है तो महेंद्र सिंह धोनी के लिए टी-20 विश्व कप टीम में वापसी करना काफी मुश्किल होगा।

एक चैनल के शो पर गंभीर ने कहा, “अगर आईपीएल इस साल नहीं होता है तो धोनी के लिए वापसी करना काफी मुश्किल होगा। उनका चयन किस आधार पर किया जाएगा जबकि वह एक डेढ़ साल से खेले नहीं हैं।”


उन्होंने कहा, “अगर आईपीएल नहीं होता है तो, धोनी की वापसी की संभावनाएं काफी कम हैं। आप भारत का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। जो अच्छा प्रदर्शन कर सकेगा और भारत के लिए मैच जीत सकेगा, वही भारत के लिए खेलेगा।”

धोनी ने भारत के लिए अपना आखिरी मैच 2019 विश्व कप में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेला था।

गंभीर के अनुसार टी-20 विश्व कप में लोकेश राहुल, धोनी के सही विकल्प होंगे।


गंभीर ने कहा, “धोनी के सबसे सही विकल्प राहुल हो सकते हैं। उन्होंने जब से सीमित ओवरों में विकेटकीपिंग संभाली है, मैंने उनका प्रदर्शन देखा है, एक बल्लेबाज के तौर पर भी और विकेटकीपर के तौर पर भी।”

–आईएएनएस

(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)