ट्रम्प ने ओलम्पिक स्थगित करने के फैसले को सराहा

  • Follow Newsd Hindi On  

टोक्यो, 25 मार्च (आईएएनएस)| अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने टोक्यो ओलम्पिक-2020 को स्थगित करने के फैसला की तारीफ की है। जापान की सरकार के प्रवक्ता ने बुधवार को बताया कि ट्रम्प ने जापान के प्रधानमंत्री शिंजो आबे से फोन पर बात की और कहा कि ओलम्पिक स्थगित करने का फैसला एकदम सही है। समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक, मुख्य कैबिनेट सचिव योशिहिदे सुगा ने यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा कि ट्रम्प ने कोरोनावायरस के कारण खेलों को टालने के फैसले को अच्छा और सही बताया है।

सुगा ने कहा, “ट्रम्प ने बार-बार कहा कि ओलम्पिक टालने का फैसला अच्छा और सही है। उन्होंने प्रधानमंत्री के बयान का समर्थन किया है।”


आईओसी और टोक्यो ओलम्पिक-2020 की आयोजन समिति ने मंगलवार को एक संयुक्त बयान में कहा कि आईओसी अध्यक्ष थॉमस बाक और आबे खेलों को 2020 के बाद, 2021 ग्रीष्मकाल में पुनर्निर्धारित करने को तैयार हो गए हैं।

दूसरे विश्व युद्ध के बाद ऐसा पहली बार हुआ है कि ओलम्पिक खेलों को स्थगित किया गया हो।

संयुक्त बयान में कहा गया है कि खेलों को स्थगित करने का फैसला इस समय फैली भयंकर बीमारी कोरोनावायरस के कारण लिया गया है, जिसने लोगों के गतिविधियों पर पाबंदियां लगा दी हैं। इस बीमारी से अभी तक पूरे विश्व में 16,500 लोगों का जान जा चुकी है।


बयान में कहा गया है, “मौजूदा स्थिति में और डब्ल्यूएचओ द्वारा मंगलवार को दी गई जानकारी के आधार पर, आईओसी अध्यक्ष और जापान के प्रधानमंत्री शिंजो आबे इस नतीजे पर पहुंचे कि टोक्यो ओलम्पिक को 2020 के बाद पुर्ननिर्धारित किया जाए,लेकिन 2021 ग्रीष्मकाल के बाद नहीं। ताकि खिलाड़ियों और ओलम्पिक खेलों से जुड़े सभी लोगों के स्वास्थ्य की सुरक्षा की जा सके।”

 

(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)