विभागों का आवंटन : राजनाथ बने रक्षा मंत्री, शाह को गृह मंत्रालय मिला

  • Follow Newsd Hindi On  

नई दिल्ली, 31 मई (आईएएनएस)| राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सलाह के अनुसार केंद्रीय मंत्रिपरिषद के सदस्यों के बीच विभागों के आवंटन का निर्देश दिया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कार्मिक मंत्रालय, लोक शिकायत व पेंशन मंत्रालय, परमाणु ऊर्जा विभाग, अंतरिक्ष विभाग, सभी महत्वपूर्ण नीतिगत मुद्दे और अन्य सभी विभागों को किसी भी मंत्री को आवंटित न करके खुद के पास रखा है।


केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह को रक्षा मंत्रालय की कमान दी गई है, वहीं अमित शाह को गृह मंत्रालय का जिम्मा सौंपा गया है।

नितिन गडकरी, सड़क परिवहन व राजमार्ग मंत्री और सूक्ष्म, लघु व मध्यम उद्यम मंत्री का पदभार संभालेंगे।

डी.वी सदानंद गौड़ा रसायन और उर्वरक मंत्रालय को देखेंगे।


निर्मला सीतारमण वित्त मंत्री और कॉपोर्रेट मामलों की मंत्री बनाई गईं हैं।

रामविलास पासवान उपभोक्ता मामले, खाद्य और सार्वजनिक वितरण मंत्री बने हैं।

नरेंद्र सिंह तोमर को कृषि व किसान कल्याण मंत्रालय, ग्रामीण विकास मंत्रालय और पंचायती राज मंत्रालय की जिम्मेदारी सौंपी गई हैं।

रवि शंकर प्रसाद कानून व न्याय मंत्री, संचार मंत्री और इलेक्ट्रॉनिक्स व सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री बनाए गए हैं।

हरसिमरत कौर बादल खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री बनीं हैं।

थावर चंद गहलोत सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्री बने हैं।

सुब्रह्मण्यम जयशंकर को विदेश मंत्रालय की कमान सौंपी गई है।

रमेश पोखरियाल निशंक मानव संसाधन विकास मंत्री की जिम्मेदारी संभालेंगे।

अर्जुन मुंडा जनजातीय मामलों के मंत्री बनाए गए हैं।

स्मृति ईरानी को महिला व बाल विकास मंत्रालय और कपड़ा मंत्रालय की जिम्मेदारी दी गई है।

डॉक्टर हर्षवर्धन स्वास्थ्य व परिवार कल्याण मंत्री, विज्ञान व प्रौद्योगिकी मंत्री और पृथ्वी विज्ञान मंत्री बने हैं।

प्रकाश जावड़ेकर को पर्यावरण मंत्रालय, वन व जलवायु परिवर्तन मंत्रालय और सूचना व प्रसारण मंत्रालय की कमान सौंपी गई है।

पीयूष गोयल को रेल मंत्रालय और वाणिज्य व उद्योग मंत्रालय का जिम्मा सौंपा गया है।

धर्मेंद्र प्रधान पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री और इस्पात मंत्री बने हैं।

मुख्तार अब्बास नकवी को अल्पसंख्यक मामलों का मंत्री बनाया गया है।

प्रल्हाद जोशी संसदीय मामलों के मंत्री, कोयला मंत्री और खान मंत्री बने हैं।

महेंद्र नाथ पांडे कौशल विकास और उद्यमिता मंत्री बने हैं।

 

(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)