वियना में आतंकी हमले में 3 की मौत (लीड-1)

  • Follow Newsd Hindi On  

वियना, 3 नवंबर (आईएएनएस)। कोविड-19 महामारी के खिलाफ एक राष्ट्रीय लॉकडाउन लागू होने से कुछ ही घंटे पहले ऑस्ट्रियाई राजधानी वियना में गोलीबारी में कम से कम तीन लोग मारे गए और 14 अन्य घायल हो गए। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

बीबीसी के मुताबिक, पुलिस ने बताया कि गोलीबारी की ये घटना शाम आठ बजे वियना के साइटेनस्टेटेनगास सिनेगॉग (यहूदी धार्मिक स्थल) के पास छह अलग-अलग स्थानों पर हुई, जब एक स्वचालित राइफल, एक पिस्तौल और हथियारबंद संदिग्ध ने बार और रेस्तरां के बाहर लोगों पर फायरिंग करनी शुरू कर दी, जो अब नए लॉकडाउन नियमों के अनुसार इस महीने के अंत तक बंद रहेंगे।


विशेष बलों के सदस्य जल्द ही घटनास्थल पर पहुंचे, और अपराधी को मार गिराने में कामयाब रहे।

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि गोलीबारी में कितने हमलावर शामिल थे, लेकिन गृह मंत्रालय ने कहा कि पुलिस कम से कम एक संदिग्ध की तलाश कर रही थी, जो फरार है।

स्थानीय मीडिया रिपोटरें के अनुसार, एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है।


एक बयान में, वियना के मेयर माइकल लुडविग ने पुष्टि की है कि घायलों में से एक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे ने बाद में अस्पताल में दम तोड़ दिया।

उन्होंने कहा कि 14 घायलों में एक पुलिस अधिकारी भी शामिल है। इनमें छह की हालत गंभीर है।

ऑस्ट्रियाई चांसलर सेबेस्टियन कर्ज ने पुष्टि की है कि एक बंदूकधारी जवाबी हमले में मारा गया, लेकिन उन्होंने इस बारे में विस्तार से जानकारी नहीं दी।

बीबीसी के अनुसार, कर्ज ने ट्वीट किया, हम अपने गणतंत्र में मुश्किल घड़ी का सामना कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सेना वियना में प्रमुख इमारतों की सुरक्षा का जिम्मा लेगी।

उन्होंने आगे कहा, हमारी पुलिस इस जघन्य आतंकवादी हमले के अपराधियों के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई करेगी। हम कभी भी आतंकवाद से खुद को डरने नहीं देंगे।

फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने कहा है कि उनका देश और फ्रांसीसी नागरिक ऑस्ट्रिया की राजधानी वियना में हुई गोलीबारी के बाद ऑस्ट्रियाई लोगों के दुख की घड़ी में साथ हैं।

उन्होंने जोर देकर कहा कि हमारे दुश्मनों को पता होना चाहिए कि वे किसके साथ लड़ रहे हैं। हम झुकेंगे नहीं।

उन्होंने कहा, फ्रांस के बाद, हमारे एक मित्र देश पर हमला हुआ है। यह हमारा यूरोप है। हमारे दुश्मनों को पता होना चाहिए कि वे किससे लड़ रहे हैं। हम झुकेंगे नहीं।

ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने कहा कि वह भयानक हमले से गहरे सदमे में हैं। उन्होंने कहा कि देश की संवेदना ऑस्ट्रिया के लोगों के साथ हैं। हम आतंक के खिलाफ आपके साथ एकजुट हैं।

वियना की घटना फ्रांस में हाल ही में हुए आतंकी हमलों के बाद हुई है।

16 अक्टूबर को, मिडिल स्कूल के शिक्षक, सैमुअल पैटी को 18 वर्षीय मुस्लिम अप्रवासी, अब्दुल्लाख अंजोरोव ने पेरिस के पास एक स्कूल के अंदर मार दिया था।

फिर 29 अक्टूबर को, ट्यूनीशियाई व्यक्ति 21 वर्षीय ब्राहिम औइसाओई ने नीस शहर में नोट्रेडेम बेसिलिका के अंदर तीन लोगों की हत्या कर दी।

तीन दिन बाद, ल्योन शहर में एक चर्च के बाहर गोलीबारी में एक ग्रीक ऑर्थोडॉक्स पुजारी गंभीर रूप से घायल हो गया।

–आईएएनएस

वीएवी-एसकेपी

(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)