Happy Birthday Manmohan Singh: पूर्व प्रधानमंत्री, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और प्रसिद्ध अर्थशास्त्री डॉ. मनमोहन सिंह (Manmohan Singh) आज अपना 87वां जन्मदिन मना रहे हैं। मनमोहन सिंह को भारत में उदारवादी अर्थव्यवस्था का जनक माना जाता है। अविभाजित भारत के पंजाब में जन्मे मनमोहन सिंह 2004 से 2014 तक लगातार दो बार देश के प्रधानमंत्री रहे। वर्तमान में सिंह राजस्थान से राज्यसभा सदस्य हैं।
जन्मदिन पर जानें मनमोहन सिंह (Manmohan Singh) से जुड़ी बातें…
– मनमोहन सिंह का जन्म 26 सितंबर, 1932 को अविभाजित भारत के पंजाब के चकवाल जिले के गह में हुआ था। विभाजन के बाद उनका परिवार भारत आ गया।
– उन्होंने अपनी पढ़ाई अमृतसर के हिंदू कॉलेज से की व पंजाब विश्वविद्यालय से स्नातक और एमए की पढ़ाई करने के बाद उच्च शिक्षा के लिए कैंब्रिज विश्वविद्यालय, लंदन का रूख किया।
– पढ़ाई पूरी करने के बाद मनमोहन सिंह ने 1971 में आर्थिक सलाहकार के बतौर वाणिज्य मंत्रालय में काम किया। वहीं 1972 में उन्होंने वित्त मंत्रालय में मुख्य सलाहकार के रूप में काम किया।
– विश्वविद्यालय अनुदान आयोग के अध्यक्ष, योजना आयोग के उपाध्यक्ष और बाद में रिजर्व बैंक के गवर्नर तक का पद मनमोहन सिंह संभाल चुके हैं।
– सिंह ने 1991-1996 तक भारत के वित्त मंत्री की जिम्मेदारी निभाई। आर्थिक संकट में फंसे देश को निकालने के लिए मनमोहन सिंह ने खुली व्यापार की नीति को अपनाया। आज भारत ने जो आर्थिक तरक्की हासिल की है, उसके पीछे आर्थिक सुधारों का बड़ा रोल था।
– मनमोहन सिंह 1991 में राज्यसभा के लिए चुना गया। 1998 से 2004 तक सिंह राज्य सभा में विपक्ष के नेता भी रहे। मनमोहन सिंह 2004 से 2014 तक देश के प्रधानमंत्री रहे।
– मनमोहन सिंह को 1987 में पद्म विभूषण, 1993 में एशिया मनी अवार्ड, 1994 में यूरो मनी अवार्ड, 1995 में भारतीय विज्ञान कांग्रेस का जवाहरलाल नेहरू पुरस्कार व 1996 में एडम स्मिथ पुरस्कार से सम्मानित किया गया।