इस्लामाबाद, 11 अक्टूबर (आईएएनएस)| ब्रिटेन के राजकुमार विलियम और उनकी पत्नी केट मिडलटन 14 अक्टूबर को पाकिस्तान पहुंचने के अगले दिन प्रधानमंत्री इमरान खान और राष्ट्रपति आरिफ अल्वी से मुलाकात करेंगे। विदेश कार्यालय के सूत्रों ने यह जानकारी दी। जियो न्यूज ने गुरुवार को सूत्रों के हवाले से बताया कि खान और अल्वी से मिलने के बाद, कैम्ब्रिज के ड्यूक व डचेस 16 अक्टूबर को लाहौर जाएंगे और एक दिन बाद चित्राल पहुंचेंगे।
सूत्रों ने कहा कि शाही दंपति 18 अक्टूबर को ब्रिटेन लौटेंगे।
इस महीने की शुरुआत में, प्रिंस विलियम और केट ने कहा था कि वे पाकिस्तानी लोगों से मिलने और इसकी संस्कृति का अनुभव करने के लिए ‘सुंदर’ देश का दौरा करने को लेकर उत्साहित हैं।
प्रिंस विलियम और केट की यात्रा 2006 के बाद से ब्रिटिश शाही परिवार के किसी सदस्य की पाकिस्तान की पहली आधिकारिक यात्रा होगी। साल 2006 में प्रिंस चार्ल्स और कैमिला दक्षिण एशियाई देश की यात्रा पर आए थे।
इससे पहले, महारानी एलिजाबेथ द्वितीय ने 1961 और 1997 में और दिवंगत राजकुमारी डायना ने 1991 में पाकिस्तान का दौरा किया था।