बिहार: कोरोना पॉजिटिव मरीज के घर से चोरी करते धराए चोरों का होगा कोरोना टेस्ट

  • Follow Newsd Hindi On  
बिहार: कोरोना पॉजिटिव मरीज के घर से चोरी करते धराए चोरों का होगा कोरोना टेस्ट

कोरोना वायरस के बढ़ते खतरे के बीच चोरी कर दो चोरों ने मुसीबत मोल ले ली। एक कोरोना संक्रमित व्यक्ति के घर चोरी करने गए इन चोरों को पकड़ लिया गया और अब इनका भी कोरोना टेस्ट कराया जाएगा। गिरफ्तारी के बाद चोर को क्वारंटीन में रखा गया है। मामला बिहार के कटिहार जिले का बताया जा रहा है।

दरअसल, कुरसेला थाना क्षेत्र के तिनघरिया गांव की एक लड़की कोरोना पॉजिटिव पाई गई थी। यह मामला सामने आने के बाद संक्रमित लड़की और उसके घरवालों को भी क्वारंटीन कर दिया गया था। सूने घर का फायदा उठाकर रविवार की देर रात चोरों ने ताला तोड़ चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोरी का मामला सामने आने के बाद छानबीन के दौरान दो चोरों को पकड़ा गया।


ग्रामीणों ने एक चोर को रंगे हाथ पकड़ा

प्राप्त जानकारी अनुसार करोना पॉजिटिव मरीज के परिवार को आइसोलेशन के लिए कटिहार ले जाया गया था। जिस कारण घर में ताला लटका था। चोरों ने घर के 8 ताले को तोड़कर सारा सामान गायब कर दिया। घर में मौजूद गोदरेज का ताला तोड़कर सामान उड़ा ले गए। स्थानीय लोगों ने बताया कि ग्रामीणों ने एक चोर छंगला मंडल को रंगे हाथ पकड़ लिया। अगली सुबह दूसरा चोर संतोष मंडल का पता चला जो गांव का ही निवासी है। उसके बाद इसकी सूचना पुलिस को दी गई।

जांच के लिए लिया गया चोरों का सैंपल

कुरसेला पुलिस घटना स्थल पर पहुंचकर दोनों चोर से पूछताछ कर ग्रामीणों के साथ मामले की जानकारी ली। खोजबीन के दौरान खेत में 4 बोरी गेहूं एवं होम थिएटर आदि बरामद हुई है। दोनों चोर को ग्रामीणों ने पुलिस के हवाले कर दिया। अब स्थानीय प्रशासन ने चोरों को क्वारेंटाइन सेंटर में रखा गया है। उपविकास आयुक्त वर्षा सिंह ने बताया कि स्वास्थ्य सुरक्षा की दृष्टि से पकड़े गए चोरों का भी सैंपल जांच के लिए लिया गया है। ताकि आगे की कार्रवाई की जा सके।

स्थानीय लोगों ने बताया कि प्रशासन द्वारा कोरोना पॉजिटिव मरीज के घर को सैनिटाइज नहीं किया था। पुलिस भी घर में प्रवेश करने से कतरा रही है। करोना पॉजिटिव मरीज के घर के पास बांस-बल्ले से घेराबंदी की गई है। लेकिन गांव में पुलिस की तैनाती नहीं है। जिस वजह से चोरों ने बेखौफ होकर चोरी की घटना को अंजाम दिया।



बिहार : कोरोना दौर में गांवों में लौटा वस्तु विनिमय, सामान की कर रहे अदला-बदली

(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)