बाजार में सोना-चांदी की कीमत में लगातार उछाल आ रहा है। सोने की कीमत लगातार नई ऊंचाइयों को छू रहा है। 6 अगस्त को यह 55 हजार का स्तर पारकर तेजी से 56 हजार के स्तर की ओर बढ़ रहा है। चांदी की कीमत 75 हजार के स्तर को पहले ही पार कर चुकी है। बाजार के जानकारों का कहना है कि सोना-चांदी की कीमत में उम्मीद से ज्यादा तेजी आ रही है। अगर यही रफ्तार रही तो बहुत जल्द सोना 60 हजारी हो जाएगा और चांदी की कीमत 80 हजार की तरफ बढ़ रही है।
आज सुबह के रेट
धातु | 5 अगस्त का रेट (रुपये/10 ग्राम) | 4 अगस्त का रेट (रुपये/10 ग्राम) | रेट में बदलाव (रुपये/10 ग्राम) |
Gold 999 (24 कैरेट) | 55201 | 54004 | 1197 |
Gold 995 (23 कैरेट) | 54980 | 53788 | 1192 |
Gold 916 (22 कैरेट) | 50564 | 49468 | 1096 |
Gold 750 (18 कैरेट) | 41401 | 40503 | 898 |
Gold 585 ( 14 कैरेट) | 32293 | 31592 | 701 |
Silver 999 | 69225 Rs/Kg | 64735 Rs/Kg | 4490 Rs/Kg |
दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना 56,000 के पार
वैश्विक बाजारों में भारी तेजी के संकेत से दिल्ली सर्राफा बाजार में बुधवार को सोना 1,365 रुपये की जोरदार तेजी के साथ 56,181 रुपये प्रति 10 ग्राम के भाव पर पहुंच गया। एचडीएफसी सिक्योरिटीज ने यह जानकारी दी। चांदी भी 5,972 रुपये के जबर्दस्त उछाल के साथ 72,726 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई जो मंगलवार को 66,754 रुपये पर बंद हुई थी। मंगलवार को सोने का बंद भाव 54,816 रुपये प्रति 10 ग्राम था।
इस साल अब तक करीब 15000 रुपये प्रति 10 ग्राम उछला सोना
गौरतलब है कि जनवरी 2020 में सोने का मूल्य 41000 रुपये था। वहीं अप्रैल में यह 44000 के करीब पहुंच और अब 55000 को भी पार कर गया। बता दें हाजिर बाजार में चांदी का भाव 2011 में 77,000 रुपये प्रति किलो तक उछला था। सोने का भाव 16 मार्च 2020 को 38,400 रुपये प्रति 10 ग्राम था जिसके बाद सोने में करीब 40 फीसदी की तेजी आई है।
क्यों बढ़ रहे सोने-चांदी के भाव
जानकार बताते हैं कि कोरोना वायरस का संक्रमण पूरी दुनिया में लगातार बढ़ता जा रहा है। इससे शेयर बाजारों में जहां अनिश्चितता का माहौल है वहीं रियल एस्टेट भी पस्त पड़ा है। इस दौर निवेशकों के लिए सबसे सुरक्षित सोना ही नजर आ रहा है। निवेशकों का रुझान गोल्ड, गोल्ड ईटीएफ और बॉन्ड की तरफ बढ़ा है। यही वजह है कि सोने के रेट बढ़ते जा रहे हैं। वहीं कोरोनावायरस संक्रमण के कारण खनन कार्य प्रभावित होने और आपूर्ति बाधित होने से चांदी की कीमतों में ज्यादा तेजी देखी जा रही है। इसके अलावा चीन और अमेरिका के बीच व्यापार, व्यापार सहित कई मोर्चों पर तनाव बढ़ गया है।