भाजपा ने केंद्रीय मंत्री गोहैन का टिकट काटा, 4 उम्मीदवारों के नाम घोषित किए

  • Follow Newsd Hindi On  

गुवाहाटी, 26 मार्च (आईएएनएस)| भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने लोकसभा चुनावों के लिए मंगलवार को चार उम्मीदवारों की नौवीं सूची जारी करते हुए असम की नोगांग लोकसभा सीट से मौजूदा सांसद केंद्रीय मंत्री राजेन गोहैन का टिकट काट दिया वहीं बेंगलुरू दक्षिण से 28 वर्षीय युवा नेता तेजस्वी सूर्या को टिकट दिया है।

भाजपा अध्यक्ष अमित शाह की अध्यक्षता में तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत अन्य वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति में हुई बैठक के बाद पार्टी ने कर्नाटक की दो तथा असम तथा उत्तर प्रदेश की एक-एक लोकसभा सीट पर अपने उम्मीदवार घोषित किए।


इसके साथ ही पार्टी ने कुल 310 उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए हैं।

वर्ष 1999 से नोगांग सीट पर जीत रहे गोहैन के स्थान पर स्थानीय विधायक रूपक सरमाह को उम्मीदवार बनाया गया है।

नगाओं शहर के प्रमुख व्यवसायी सरमाह सांस्कृतिक जगत की प्रसिद्ध हस्ती हैं और वे संगीतकार और गायक जुबीन गर्ग के साथ वाद्य यंत्र बजाते हैं।


नोगांग सीट पर उनका सामना कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रद्युत बोरोदोलोई से होगा जो मारघेरीता विधानसभा क्षेत्र से विधायक रह चुके हैं और 2016 विधानसभा चुनावों में भाजपा उम्मीदवार से हार गए थे।

कर्नाटक में भाजपा ने बेंगलुरू दक्षिण से सूर्या को उतारा है।

कर्नाटक भाजपा युवा मोर्चा के महासचिव सूर्या को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) का खास माना जाता है।

यहां से ‘युवा तुर्क’ को उम्मीदवार बनाए जाने से दिवंगत केंद्रीय मंत्री एच.एन. अनंत कुमार की पत्नी तेजस्विनी की यहां से चुनाव लड़ने की उम्मीदों को झटका लगा है। अनंत कुमार 1996 के बाद से यहां रिकॉर्ड छह बार चुने गए थे।

पार्टी द्वारा चुने जाने के बाद सूर्या ने ट्वीट किया, “हे भगवान। हे भगवान। मुझे विश्वास नहीं हो रहा कि दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र के प्रधानमंत्री और सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी के अध्यक्ष ने बेंगलुरू दक्षिण जैसी प्रतिष्ठित सीट के लिए 28 वर्षीय युवक पर अपना विश्वास जताया है।”

उन्होंने कहा, “यह सिर्फ भाजपा में हो सकता है। सिर्फ नरेंद्र मोदी के ‘न्यू इंडिया’ में।”

कांग्रेस ने सोमवार को राज्यसभा सदस्य बी.के. हरिप्रसाद को यहां से अपना प्रत्याशी घोषित किया था।

भाजपा ने बेंगलुरू ग्रामीण लोकसभा सीट से अश्वत नारायण को अपना प्रत्याशी बनाया है जो यहां से कांग्रेस के सांसद डी.के. सुरेश को टक्कर देंगे। सुरेश यहां से दूसरी बार चुनाव लड़ेंगे।

उत्तर प्रदेश की इग्लास विधानसभा सीट के विधायक राजवीर सिंह वाल्मीकि को हाथरस (सुरक्षित) से लोकसभा उम्मीदवार बनाया गया है। उनके पिता यहां से एक बार सांसद रह चुके हैं।

भाजपा ने ओडिशा में बीजेपुर विधानसभा सीट पर मुख्यमंत्री और बीजू जनता दल (बीजद) अध्यक्ष नवीन पटनायक के खिलाफ सनत गडतिया को उम्मीदवार बनाया है।

ओडिशा में लोकसभा चुनावों के साथ-साथ ही विधानसभा चुनाव भी होंगे।

(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)