दिल्ली : मोदी लहर में विपक्ष का सूपड़ा साफ, AAP के 3 प्रत्याशियों की जमानत जब्त

  • Follow Newsd Hindi On  

देश के समक्ष अब लोकसभा चुनाव 2019 का स्पष्ट जनादेश है। केंद्र में लगातार दूसरी बार एनडीए की सरकार बनने जा रही है। बीजेपी की बात करें तो पार्टी को देशभर में 2014 से भी अधिक सीटें मिली। 2014 में चली नरेंद्र मोदी की लहर अब 2019 में सुनामी में बदलती साफ दिखाई दे रही है। देश की राजधानी दिल्ली में 2014 की तरह ही बीजेपी ने एक बार फिर से विपक्ष का सूपड़ा साफ कर दिया है। दिल्ली की सभी सात सीटों पर बीजेपी के उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की। लेकिन इस बार पार्टी ने दिल्ली में जिस ताकत के साथ जीत दर्ज की, उसने सबको हैरान कर दिया। वहीं  आम आदमी पार्टी के तीन और कांग्रेस का एक उम्मीदवार अपनी जमानत तक नहीं बचा पाया।

जमानत जब्त होने वाले उम्मीदवारों में आम आदमी पार्टी के नॉर्थ ईस्ट से प्रत्याशी दिलीप पांडे, चांदनी चौक से पंकज गुप्ता और नई दिल्ली से ब्रजेश गोयल शामिल हैं। वहीं, कांग्रेस के साउथ दिल्ली से उम्मीदवार बॉक्सर विजेंद्र भी अपनी जमानत नहीं बचा पाए।


क्या कहता है नियम

गौरतलब है कि चुनाव आयोग के अनुसार, जिस भी उम्मीदवार को कुल पड़े वोट का छठा हिस्सा नहीं मिलता, उसकी जमानत जब्त मानी जाती है। इस नियम के मुताबिक, आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के उम्मीदवार को कुल पड़े वोट का छठा हिस्सा नहीं मिल पाया।

इस तरह दिल्ली में कुल 147 उम्मीदवारों की जमानत जब्त हुई है। दिल्ली में कुल 164 उम्मीदवार मैदान में थे। जमानत राशि के तौर पर इन्होंने चुनाव कार्यालय में 25 हजार रुपये जमा कराए थे। वे अब इन्हें नहीं मिलेंगे।

आप प्रत्याशियों को कितने मिले वोट

  •  नॉर्थ ईस्ट सीट से आप प्रत्याशी दिलीप पांडे को 1,90,586 वोट मिले। यहां कुल वोट 14,61,475 पड़े।
  • चांदनी चौक सीट से आप प्रत्याशी पंकज गुप्ता को 1,43,674 वोट मिले। यहां 9,73,743 वोट पड़े।
  • नई दिल्ली सीट से आप प्रत्याशी बृजेश गोयल को 1,50,342 वोट मिले। यहां 9,20,541 वोट मिले।

दिल्ली में बीजेपी की प्रचंड जीत, किसने कहां से मारी बाजी

  • मनोज तिवारी- नॉर्थ-ईस्ट दिल्ल
  • मीनाक्षी लेखी- नई दिल्ली
  • डॉ. हर्षवर्धन – चांदनी चौक
  • प्रवेश वर्मा – वेस्ट दिल्ली
  • रमेश बिधूड़ी- साउथ दिल्ली
  • गौतम गंभीर- ईस्ट दिल्ली
  • हंस राज हंस- नॉर्थ-वेस्ट दिल्ली


(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)