अकाली दल ने 1984 के दंगा पीड़ितों खातिर मार्च निकाला

  • Follow Newsd Hindi On  
अकाली दल ने 1984 के दंगा पीड़ितों खातिर मार्च निकाला

नई दिल्ली, 3 नवंबर (आईएएनएस)| शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के सैकड़ों समर्थकों ने यहां शनिवार को 1984 सिख-विरोधी दंगों के पीड़ितों को न्याय देने की मांग करते हुए मार्च निकाला। अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल और केंद्रीय मंत्री हरसिमरत कौर बादल के नेतृत्व में यह मार्च गुरुद्वारा प्रतापगंज से शुरू हुआ और संसद मार्ग पुलिस थाने के बाहर समाप्त हुआ।

प्रदर्शनकारियों में शामिल महिलाओं ने नारे लगाते हुए कहा कि 1984 में जनसंहार हुआ था, हम न्याय की मांग करते हैं। प्रदर्शनकारी अपने हाथों में बैनर लिए हुए थे।


वे एक बैनर के साथ आगे बढ़ रहे थे, जिसमें लिखा था सिख जनसंहार, न्याय से वंचित, हत्या जारी। प्रदर्शनकारियों ने यहां पुतला भी जलाया।

प्रदर्शनकारियों और सुरक्षा बलों के बीच झड़प के बाद पुलिस ने कुछ को हिरासत में ले लिया। बाद में उन्हें छोड़ दिया गया।

मार्च के दौरान हरसिमरत कौर ने कहा, “पिछले 34 सालों से हमारा समाज न्याय मांग रहा है। हजारों सिखों की हत्या कर दी गई। कई महिलाओं के साथ बलात्कार हुआ, लोगों के घर उनसे हमेशा के लिए छिन गए। यह अत्याचार भारत के इतिहास पर एक धब्बा है। किसी को भी न्याय नहीं मिला। न्यायपालिका इस पर स्वत: संज्ञान क्यों नहीं ले रही।”


अकाली दल 1984 के सिख विरोधी दंगों के पीड़ितों को न्याय देने की मांग कर रहा है। दंगों में राष्ट्रीय राजधानी और देश के अन्य हिस्सों में बड़ी संख्या में सिख लोगों की हत्या कर दी गई थी।

(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)