अमेरिका में एक दिन भारतवंशी राष्ट्रपति बनेगा : पूर्व राजनयिक

  • Follow Newsd Hindi On  

अगरतला, 17 नवंबर (आईएएनएस)| पूर्व राजनयिक सुरेंद्र कुमार ने यहां कहा कि एक दिन अमेरिका में भारतीय मूल का व्यक्ति राष्ट्रपति बनेगा। संयुक्त राष्ट्र पर्यावरण कार्यक्रम में भारत के स्थायी प्रतिनिधि रह चुके कुमार ने कहा, “अमेरिका में कई प्रतिभाशाली और साधन-संपन्न भारतीय मूल के शिक्षित युवा हैं, जो जल्द ही या थोड़े समय बाद अमेरिका के राष्ट्रपति बन सकते हैं। अमेरिका में एक चीज जो अच्छी है, वह यह कि उस देश में आप अपने सपने को साकार होते हुए देख सकते हैं।” कुमार ने कई विदेशी राजधानियों में अपनी सेवाएं दी हैं।

शुक्रवार शाम त्रिपुरा विश्वविद्यालय में ‘अमेरिका के साथ भारत के संबंधों के 70 साल’ विषय पर एक व्याख्यान देते हुए कुमार ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ‘अमेरिका फर्स्ट पॉलिसी’ को रेखांकित किया और कहा कि उन्हें लगता है कि इससे उन भारतीय युवाओं के लिए कुछ दिक्कतें पैदा हो सकती हैं, जो उस देश में बसना चाहते हैं।


यह व्याख्यान भारत के विदेश मंत्रालय के लोक कूटनीति खंड द्वारा समर्थित एक श्रंखला का हिस्सा था।

उन्होंने कहा, “अमेरिका में विश्वविद्यालयों व शैक्षणिक समुदायों को देखिए। कुछ बहुप्रतिष्ठित विश्वविद्यालय और स्कूल के डीन भारतीय मूल के हैं। हॉर्वर्ड और कार्नेगी जैसे संस्थानों में कई भारतीय या भारतीय मूल के शिक्षाविद् अपना नाम बना रहे हैं।”

इस संबंध में उन्होंने भारतीय रिजर्व बैंक के पूर्व गवर्नर रघुराम राजन और नीति आयोग के पूर्व उपाध्यक्ष अरविंद पनगढ़िया का जिक्र किया।


कुमार ने लीबिया, मोजांबिक, कांगो और इरीट्रिया में भारतीय राजदूत के रूप में अपनी सेवाएं दी हैं, वहीं वह केन्या, स्वाजीलैंड और माल्टा में बतौर उच्चायुक्त सेवाएं दे चुके हैं।

अमेरिका के साथ पाकिस्तान के संबंधों पर उन्होंने कहा कि जबतक अफगान समस्या का समाधान नहीं हो जाता, तबतक अमेरिका इस्लामाबाद के साथ संबंध नहीं खत्म कर सकता।

उन्होंने कहा, “अमेरिका को पाकिस्तान की जरूरत है, लेकिन उसी वक्त उसे आतंकवाद की चिंता के रूप में उसपर दबाव भी बनाना है।”

 

(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)