बिहार : भाजपा सांसद ने खोला मोर्चा, कहा- स्वार्थ के लिए है भाजपा-जदयू गठबंधन, अकेले चुनाव लड़े BJP

  • Follow Newsd Hindi On  
बिहार : भाजपा सांसद ने खोला मोर्चा, कहा- स्वार्थ के लिए है भाजपा-जदयू गठबंधन, अकेले चुनाव लड़े BJP

बिहार से भाजपा सांसद गोपाल नारायण सिंह आजकल अपने बयानों को लेकर चर्चा में हैं। दरअसल उन्होंने बिहार में जारी जदयू-भाजपा गठबंधन पर हमला बोल दिया है। सांसद ने इस गठबंधन को स्वार्थ का गठबंधन करार दिया है। इससे पहले उन्होंने मुजफ्फरपुर में चमकी बुखार से हो रही मौतों पर भी बिहार सरकार की आलोचना की थी और इसकी तुलना लालू कार्यकाल से की थी।

भाजपा सांसद गोपाल नारायण सिंह ने बिहार में राष्‍ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के सहयोगी जदयू पर कड़े सवाल उठाए हैं। उन्‍होंने भाजपा व जदयू के गठबंधन को स्‍वार्थ का गठबंधन करार दिया है। गोपाल नारायण सिंह चाहते हैं कि भाजपा अपने बल पर चुनाव लड़े। इससे पहले उन्‍होंने बुधवार को भी जदयू के खिलाफ बयान देते हुए कहा था कि लालू व नीतीश राज में कोई फर्क नहीं है। वहीं भाजपा सांसद के बयान पर नाराज जदयू ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है।


भाजपा व जदयू में कुर्सी के लिए समझौता

बिहार में जारी भाजपा-जदयू गठबंधन पर गोपाल नारायण सिंह ने कहा कि जदयू व भाजपा स्‍वार्थ का गठबंधन है। यह समझौता कुर्सी के लिए किया गया है। बिहार की समस्‍याओं की चिंता नहीं की जा रही है। जदयू को लेकर उन्‍होंने कहा कि धारा 370 व तीन तलाक जैसे संवेदनशील मुद्दों पर भाजपा व जदयू के विचार एक नहीं हैं।

अपने दम पर अकेले चुनाव लड़े भाजपा

गोपाल नारायण सिंह इतने पर ही नहीं रुके। उन्‍होंने कहा कि जब हमारी हवा बनती है तो हमारे ही किसी नेता की कमजोरी के कारण ऐसे समझौते होते हैं। भाजपा को अपने बल पर अकेले चुनाव लड़ना चाहिए।

जदयू महासचिव ने दी कड़ी प्रतिक्रिया

भाजपा सांसद गोपाल नारायण सिंह के विवादित बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए जदयू के राष्‍ट्रीय महासचिव केसी त्‍यागी ने कहा कि लोग उनकी ताकत जानते हैं। जदयू जब राजद के साथ था, तब पार्टी ने उसके साथ मिलकर सरकार बनायी थी। तब भाजपा 54-55 सीटों पर सिमट गई थी। अब जदयू व भाजपा ने साथ मिलकर 40 में से 39 सीटें जीते हैंं। जहां तक गठबंधन की बात है, इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार व भाजपा अध्‍यक्ष अमित शाह ने मिलकर किया है, इसलिए सबकी (गोपाल नारायण सिंह) बात पर टिप्‍पणी जरूरी नहीं।



बिहार: पुलिस गश्ती दल पर अपराधियों ने बरसाई गोली, सैप जवान की मौत

(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)