Coronavirus Lockdown LIVE: क्या देश फिर से बढ़ रहा है लॉकडाउन की ओर, देश के कई शहरों में लगा लॉकडाउन

  • Follow Newsd Hindi On  
Uttar Pradesh: 6 दिन तक गढ़मुक्तेश्वर में लॉकडाउन का ऐलान, जानें किसको मिलेगी छूट और किसपर है रोक

Coronavirus Lockdown:  देश में कोरोना (Coronavirus ) फिर से पैर पसार रहा है तो ऐसे में फिर ये सुगबुगाहट तेज हो गई कि क्या देश में फिर से लॉकडाउन लग सकता है? अगर देश में नहीं तो क्या कुछ राज्यों या फिर कुछ शहरों में लॉकडाउन (Lockdown)  लग सकता है? क्या कुछ राज्य लॉकडाउन (Lockdown)  पर विचार करने लगे हैं? ऐसे में आपको बता दें राज्यों ने आंशिक लॉकडाउन  (Lockdown) के साथ ही सार्वजनिक कार्यक्रमों पर प्रतिबंध लगाने का फैसला लिया है।

महाराष्ट्र (Maharashtra) के पुणे में सात दिन तक बार, रेस्त्रां, होटल और धार्मिक स्थल पूरी तरह से बंद रहेंगे। वहीं छत्तीसगढ़ के दुर्ग में 6 से 14 अप्रैल तक संपूर्ण लॉकडाउन लग गया है। इसके अलावा मध्यप्रदेश सरकार ने राज्य के चार जिलों में लॉकडाउन लगा दिया है। कोरोना से जुड़े हर अपडेट को यहां पढ़िए..


कोरोना के बढ़ते मामलों पर दिल्ली के मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को एक आपात बैठक की। इस बैठक के बाद केजरीवाल ने साफ कर दिया कि दिल्ली सरकार का लॉकडाउन लगाने का कोई विचार नहीं है। अगर भविष्य में जरूरत पड़ी तो लोगों से बातचीत करके ही निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि, “दिल्ली ने सबसे ज्यादा मुश्किल कोरोना की स्थिति में एनकाउंटर किया है, देश के लिए कोरोना की ये दूसरी लहर हो सकती है लेकिन दिल्ली के लिए ये चौथी वेब (लहर) है.”

मतलब बढ़ते कोरोना का पहला रुझान उसी पुणे से मिल गया जहां सबसे ज्यादा वैक्सीन बन रही है, लेकिन लापरवाही से कोरोना केस भी खूब आ रहे हैं। और सच तो ये है कि जितने केस भारत में आ रहे हैं उसका आधा हिस्सा तो महाराष्ट्र से ही पूरा हो रहा है, ऐसे में सरकार लॉकडाउन के बारे सोच तो सकती है, मगर सहयोगी पार्टी साथ नहीं दे रही। यानि साफ है कि NCP नहीं चाहती कि फिर से लॉकडाउन लगे। वो दूसरे विकल्पों की बात कर रही है और बीजेपी भी महाराष्ट्र में लॉकडाउन के खिलाफ है।


11:12 AM, 03-APR-2021-मध्यप्रदेश के चार जिलों में लॉकडाउन

मध्यप्रदेश सरकार ने राज्य के चार जिलों में लॉकडाउन लगा दिया है। बढ़ते मामलों को देखते हुए राज्य सरकार ने बेतूल जिले में शुक्रवार रात दस से तो खरगोन के शहरी क्षेत्रों में रात बजे से सोमवार सुबह पांच बजे तक लॉकडाउन रहेगा। रतलाम शहर और छिंदवाड़ा जिले में बृहस्पतिवार रात दस बजे से लेकर सोमवार सुबह 6 बजे जरूरी सेवाओं को छोड़कर अन्य सभी गतिविधियों पर पाबंदी रहेगी।



10:10 AM, 03-APR-2021- उत्तर प्रदेश में प्रशासन सख्त

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कक्षा आठ तक के सभी सरकारी और निजी स्कूलों को 11 अप्रैल तक बंद रखने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को अपने सरकारी आवास पर टीम (टीम-11) के साथ कोरोना वायरस संक्रमण को लेकर उच्च स्तरीय बैठक की।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने निर्देश दिया कि इस दौरान शिक्षकों का स्कूलों में आना अनिवार्य होगा। उन्होंने कहा कि, “सभी जिलों में अधिकारी तय करें कि कक्षा 9 से 12 तक की शिक्षा ग्रहण कर रहे बच्चों के स्कूल में आगमन के दौरान स्कूलों में कोविड प्रोटोकल का सख्ती से पालन हो। अगर ऐसा नहीं होता है तो फिर स्कूल के खिलाफ कार्रवाई करने में जरा भी संकोच न करें। ”


09:35 AM, 03-APR-2021-पुणे में बार, होटल, रेस्त्रां अगले सात दिनों तक बंद

वहीं महाराष्ट्र के पुणे में आंशिक लॉकडाउन लगा दिया गया है। इसी के तहत कोरोना से सबसे ज्यादा प्रभावित महाराष्ट्र के पुणे में स्थानीय प्रशासन ने बार, होटल, रेस्त्रां को अगले सात दिनों तक बंद करने का फैसला किया है। इस दौरान होम डिलिवरी की जाएगी। पुणे के डिविजिनल कमिश्नर सौरभ राव ने बताया कि शनिवार से रात 12 से सुबह छह बजे तक रात्रि कर्फ्यू लगाने का फैसला लिया है। सभी धार्मिक स्थल अगले सात दिनों तक पूरी तरह से बंद रहेंगे।

वहीं, अगले सात दिनों के दौरान शादी और अंतिम संस्कार के अलावा किसी भी तरह का सार्वजनिक कार्यक्रम आयोजन करने की अनुमति नहीं होगी। अंतिम संस्कार में जहां अधिकतम 20 लोग शामिल हो सकेंगे वहीं शादी में 50 लोगों के शामिल होने की अनुमति होगी। अगले शुक्रवार को स्थिति की फिर से समीक्षा की जाएगी।


08:25 AM, 03-APR-2021-कोरोना पर कैबिनेट सचिव की बैठक

कैबिनेट सचिव राजीव गौबा ने कोरोना की स्थिति पर शुक्रवार को सभी राज्यों के मुख्य सचिवों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। इस दौरान विशेष रूप से उन 11 राज्यों के हालात पर चर्चा की गई, जहां स्थिति चिंताजनक बताई गई है। इन राज्यों में महाराष्ट्र, पंजाब, दिल्ली, कर्नाटक, छत्तीसगढ़, केरल, गुजरात, मध्य प्रदेश, हरियाणा, तमिलनाडु और चंडीगढ़ शामिल हैं। महाराष्ट्र की हालत पर विशेष रूप से चिंता जताई गई। 31 मार्च तक के आंकड़ों के मुताबिक पिछले 14 दिनों में इन्हीं 11 राज्यों में कोरोना के 90 फीसदी मामले आए हैं। वहीं, कुल 90.5 फीसदी मौतें भी इन्हीं राज्यों में हुई हैं।

सभी राज्यों से संक्रमण रोकने के लिए 8 सूत्री कदम उठाने को कहा गया है। ऐसे लोग जिनमें कोरोना के लक्षण हैं लेकिन निगेटिव आते हैं, उनका RTPCR टेस्ट अनिवार्य किया जाए। संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आए 25-30 लोगों के बारे में 72 घंटों के भीतर पता लगाया जाए और उनका टेस्ट करवाया जाए। संक्रमण दर 5 फीसदी या उससे कम लाने के लिए टेस्ट में बढोतरी की जाए। जितने टेस्ट किए जाएं, उनमें कम से कम 70 फीसदी RTPCR टेस्ट किया जाए। संक्रमित व्यक्ति को तुरंत आइसोलेशन में डाला जाए। अगर घर में हैं, तो उसकी रोजाना निगरानी हो। जरूरत पड़ने पर मरीज को तुरंत अस्पताल में भर्ती करवाया जाए। कंटेंमेंट जोन और माइक्रो कंटेन्मेंट जोन बनाए जाएं ताकि संक्रमण का चेन टूट सके।

(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)