दिल्ली: तीस हजारी कोर्ट में वकीलों और पुलिस के बीच झड़प, पुलिस ने चलाई गोली

  • Follow Newsd Hindi On  

दिल्ली के तीस हजारी कोर्ट में पार्किंग को लेकर पुलिस और वकीलों के बीच में जबरदस्त झड़प हो गई। यह विवाद इतना बढ़ा कि यह हिंसक झड़प में तब्दील हो गया।  वकील को घायल हालत में सेंट स्टीफन अस्पताल में भर्ती किया गया। वकीलों ने एक जेल वैन और एक पीसीआर में आग भी लगा दी है।

इस समय अदालत परिसर का माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है। बवाल को बढ़ता देखकर उत्तरी जिले के कई थानों से पुलिस बलों को मौके पर पहुंचने के लिए कहा गया है। बताया जा रहा है कि कई गाड़ियों में तोड़फोड़ और फायरिंग भी की गई। समन्वय समिति के अध्यक्ष महावीर शर्मा और सेक्रेटरी जनरल धीर सिंह कासना ने एलान किया है कि जिला अदालतों में 4 नवंबर को कोई काम नहीं होगा। यह फैसला तीस हजारी कोर्ट में पुलिस द्वारा वकीलों पर फायरिंग करने के विरोध में लिया गया है।


फायरिंग में जिस शख्स गोली लगी है उस वकील का नाम विजय वर्मा बताया जा रहा है। उसे तत्काल नजदीक के सेंट स्टीफेंस अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज किया जा रहा है।

पुलिस और वकीलों के अलग-अलग दावे

वकीलों का कहना है कि दिल्ली पुलिस ने एक वकील को रोका और कहा कि लॉकअप के सामने गाड़ी क्यों लगाई। इसके बाद वकील को पीटा गया। जब बवाल हुआ तो गोली मार दी। एक राउंड गोली चलाई है। वकील अस्पताल में भर्ती है।

वहीं, दिल्ली पुलिस का कहना है कि फायरिंग जैसी कोई घटना नही हुई है। पुलिस की गाड़ी जरूर जलाई गई है बवाल किस बात पर हुआ उसकी जांच की जा रही है। मिली जानकारी के मुताबिक, लॉक अप के बाहर तीसरी बटालियन की पुलिस और वकीलों के बीच झगड़ा हुआ है। तीसरी बटालियन कैदियों को कोर्ट लाने और ले जाने का काम करती है। यह भी सूचना मिली है कि पार्किंग की लेकर झगड़ा हुआ।


(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)