बढ़ते वजन से हैं परेशान, फॉलो करें यह डाइट प्लान

  • Follow Newsd Hindi On  

बढ़ता वजन किसी के लिए भी परेशानी का कारण बन सकता है।मोटापे के कारण रोजमर्रा के जीवन में तो परेशानी आती ही है, साथ ही यह कई गंभीर बिमारियों की वजह भी बन जाता है। लोग अक्सर अपने बढ़ते वजन से परेशान रहते हैं और इसे जल्द कम करना चाहते हैं, लेकिन जल्दी से वजन घटाने के चक्कर में वे अक्सर दवाइयों या सर्जरी का सहारा लेते हैं, जो आगे चल कर नुकसान पहुंचाती हैं।

वजन कम करने के लिए नियमित रूप से व्यायाम और सही डाइट बेहद जरूरी है। अगर ये दोनों चीजें सही तरीके से फॉलो की जाएं तो बढ़ते वजन की समस्या से छुटकारा मिल जाता है। लोग अक्सर इन दोनों से ही बचते नजर आते हैं और पौष्टिक खाने की बजाय बाजार का उल्टा- सीधा खाना खाते हैं, जो उनके वजन को और बढ़ा देता है। इसलिए जरूरी है कि अपनी डाइट में पौष्टिक आहार को शामिल किया जाए।


अगर आप भी बढ़ते वजन की समस्या से परेशान हैं, तो आज हम आपको बताते हैं कि आपका डाइट प्लान कैसा होना चाहिए और क्या नहीं करना चाहिए।

खाना छोड़ने से नहीं होगा फायदा

वजन घटाने के लिए अक्सर ही लोगों को सबसे आसान तरीका एक या दो टाइम का खाना छोड़ना लगता है, जो कि बिलकुल गलत है। शरीर को समय- समय पर इम्युनिटी और पोषक तत्वों की आवश्यकता होती है। इसलिए तीन टाइम का खाना जरूर खाना चाहिए। एक टाइम का खाना छोड़ने से अक्सर हम दूसरे टाइम ज्यादा खा लेते हैं, जो नुकसानदायक होता है। इसलिए वजन कम करने के लिए कभी खाना नहीं छोड़ना चाहिए।


ब्रेकफास्ट है जरूरी

लोग अक्सर जल्दबाजी में ब्रेकफास्ट नहीं करते हैं और कुछ लोग वजन घटाने के लिए भी भूखे रहते हैं, लेकिन ब्रेकफास्ट छोड़ना एक गंदी आदत है। सुबह कुछ खाने से शरीर को पूरे दिन के कामों के लिए एनर्जी मिलती है। इसलिए हमेशा दिन की शुरुआत पौष्टिक नाश्ते से करनी चाहिए। अपने ब्रेकफास्ट में अलग- अलग चीजों को शमिल करना चाहिए, ताकि शरीर को सभी पौष्टिक तत्व मिल सकें।

लंच में क्या करें शामिल?

तीनों समय के भोजन में सुबह का नाश्ता हैवी, लंच मीडियम और डिनर लाइट होना चाहिए। अगर आप भी वजन कम करना चाहते हैं, तो अपने लंच में मौसम की हरी सब्जियां, रोटी, दाल, दही या छाछ और चावल को शामिल करें।

स्नैक्स में क्या खाएं?

दिन में कभी भी अगर खाने के बीच में भूख लगे तो स्नैक्स खा लेने चाहिए लेकिन अपने स्नैक्स में हैवी स्नैक्स की बजाय कुछ हल्का ही चुनें, जैसे चिवड़ा, पोहा, ढोकला, सलाद, स्प्राउट्स, फल या सलाद। इसके अलावा अपनी डाइट में हमेशा मौसम के फल और सब्जियों को शामिल करना चाहिए, क्योंकि वह प्राकृतिक रूप से पके होते हैं सेहत को लाभ पहुंचाते हैं।

लेट डिनर करने से होगा नुकसान

जैसा कि बताया, डिनर हमेशा हल्का होना चाहिए। लेट रात में डिनर करने से खाना सही से नहीं पचता और वजन बढ़ता है। इसलिए डिनर रात को सोने से दो या ढाई घंटे पहले कर लेना चाहिए। अपने डिनर में दाल, राजमा, चावल खाने से बचना चाहिए क्योंकि ये खाद्य पदार्थ पचने में ज्यादा वक्त लेते हैं।

बता दें कि यह डाइट प्लान न सिर्फ उन लोगों के लिए है, जो बढ़ते वजन से परेशान हैं। बल्कि इस डाइट प्लान को सभी लोगों को फॉलो करना चाहिए क्योंकि य सेहतमंद रहने में मदद करता है।

(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)