बलिदान बैज विवाद : गंभीर हैं धोनी के साथ, ICC को आड़े हाथों लिया

  • Follow Newsd Hindi On  

नई दिल्ली | भारतीय टीम के पूर्व बल्लेबाज गौतम गंभीर ने विकेटकीपर महेंद्र सिंह धोनी के दस्तानों में सेना के चिन्ह को लेकर उठे विवाद में अपने पूर्व कप्तान का समर्थन किया है।

साथ ही गम्भीर ने ICC को आड़े हाथों लेते हुए उससे कहा है कि उसका काम कोई क्या पहन रहा है यह देखना नहीं है। गंभीर ने टीवी9 भारतवर्ष से बात करते हुए कहा कि, “ICC का काम सही तरीके से क्रिकेट को चलाना है, न कि यह देखना कि कौन क्या पहन रहा है और किसके शरीर पर किसका लोगो है।”


टी-20 विश्व कप-2007 और वनडे विश्व कप-2007 में भारतीय टीम का अहम हिस्सा रहे गंभीर ने कहा कि ICC को देखना चाहिए कि टूर्नामेंट में रन ज्यादा बन रहे हैं और पिचें बल्लेबाजों की मददगार हैं।

उन्होंने कहा, “ICC को देखना चाहिए कि टूर्नामेंट में 300-400 रन नहीं बनने चाहिए। ICC का काम ऐसी पिचें बनाने पर होना चाहिए , जो गेंदबाजों की भी मददगार हों न कि ऐसी स्थिति जो सिर्फ बल्लेबाजों की मददगार हों। इस लोगो के मुद्दे को काफी ज्यादा तवज्जो दी जा रही है।”

ICC विश्व कप-2019 में भारत के दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेले गए मैच में धोनी के दस्तानों पर सेना का चिन्ह बना था, जिसे लेकर ICC ने आपत्ति जताई थी और BCCI से कहा था कि वह धोनी से अपने दस्तानों पर से यह चिन्ह हटाने को कहे।


BCCI ने ICC से धोनी को यह चिन्ह बनाए रखने की मंजूरी मांगी थी जिसे ICC ने नकार दिया था। BCCI के सीईओ राहुल जौहरी इसी मुद्दे पर ICC से बात करने के लिए लंदन रवाना हो रहे हैं। भारत को रविवार को आस्ट्रेलिया के खिलाफ खेलना है। यह इस विश्व कप में भारत का दूसरा मैच होगा। उसने अपने पहले मैच में दक्षिण अफ्रीका को छह विकेट से हराया था।

(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)