हिप्र : जयराम ठाकुर ने 7 नागरिक केंद्रित सेवाओं का शुभारंभ किया

  • Follow Newsd Hindi On  

शिमला, 18 फरवरी (आईएएनएस)| हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने सोमवार को यहां शिमला नगर निगम की सात नागरिक केंद्रित सेवाओं का शुभारंभ किया।

एक बयान में कहा गया कि सूचना एवं प्रौद्योगिकी विभाग ने नागरिक सेवाओं के वितरण के लिए एकीकृत पोर्टल ई-डिस्ट्रिक परियोजना के अंतर्गत यह सेवाएं शुरू की हैं।


शुरू की गई ऑनलाईन सेवाओं में बिजली-पानी बिल भुगतान, संपत्ति कर भुगतान, पानी व सीवरेज कनेक्शन के लिए आवेदन, बिजली के एनओसी के लिए आवेदन, कैनोपी के लिए आवेदन और मलबे की डम्पिंग की अनुमति के लिए आवेदन जैसी सेवाएं शामिल हैं।

विज्ञप्ति के मुताबिक, मुख्यमंत्री ने कहा कि इन सात सेवाओं के शुभारंभ के साथ अब कुल 59 सेवाओं को ई-डिस्ट्रिक पोर्टल पर आरंभ कर दिया गया है और राज्य सरकार वित्त वर्ष 2019-2020 में 136 अन्य सेवाओं को भी शुरू करेगी।

उन्होंने कहा कि इन सेवाओं के शुरू होने से लोगों को ऑनलाइन बिल भुगतान व एन.ओ.सी प्रमाण पत्र प्राप्त करने की सुविधा प्राप्त होगी।


इसके अलावा मुख्यमंत्री ने राज्य के लोगों को डिजीलॉकर के माध्यम से राशन कार्ड व परिवार नकल रजिस्टर सम्बन्धी दस्तावेजों की उपलब्धता का भी शुभारंभ किया। अब राज्य के नागरिक अपना डिजीलॉकर खाता इंटरनेट बेबसाइट या मोबाइल फोन पर एन्ड्रॉइड और आईओएस के लिए ऐप डाउनलोड कर बना सकते हैं।

एक बार खाता बन जाने के बाद आधार नंबर लिंक कर डिजीलॉकर पर उपलब्ध सूची से उपरोक्त विभागों का चयन कर दस्तावेज डाउनलोड किए जा सकते हैं। परिवार रजिस्टर में 18,39,865 राशन कार्ड और 16,91,275 परिवार पंजीकृत हैं जिन्हें डिजीलॉकर पर जारी किया गया है। इस प्रकार प्रदेश के लोग अपने डिजीलॉकर खातों के माध्यम से अपने मोबाइलों और कंप्यूटरों पर अपने परिवार के राशन कार्ड और परिवार रजिस्टर की प्रतियां डाउनलोड कर सकते हैं।

जयराम ठाकुर ने भी डिजीलॉकर के माध्यम से अपना राशन कार्ड और परिवार रजिस्टर डाउनलोड किया। उन्होंने विभागों के प्रयासों की सराहना की और प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि नागरिक इन सेवाओं से लाभान्वित होंगे।

मुख्यमंत्री ने मोबाइल ऑपरेटरों की निजी एपीएन सेवाओं का उपयोग कर हिमाचल प्रदेश राज्य विस्तृत क्षेत्र नेटवर्क (हिमस्वान) का डोंगल भी लॉन्च किया।

जयराम ठाकुर ने कहा कि ये सभी सेवाएं राज्य के लोगों को तत्काल और प्रभावी सेवाएं प्रदान करने में सक्षम होंगी।

 

(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)