झारखंड: CAA-NRC के खिलाफ धनबाद में 3 हजार प्रदर्शनकारियों पर राजद्रोह का मुकदमा दर्ज

  • Follow Newsd Hindi On  
झारखंड: CAA-NRC के खिलाफ धनबाद में 3 हजार प्रदर्शनकारियों पर राजद्रोह का मुकदमा दर्ज

नागरिकता संशोधन कानून (CAA) और एनआरसी पर विरोध-प्रदर्शनों का सिलसिला जारी है। झारखंड के धनबाद में मंगलवार 7 जनवरी को हजारों लोग CAA और NRC के खिलाफ सड़क पर उतरकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारे लगाए। वहीं पुलिस ने बिना प्रशासनिक अनुमति के विरोध में सड़क पर उतरे प्रदर्शनकारियों के खिलाफ सख्त कदम उठाते हुए 7 नामजद सहित 3 हजार अज्ञात लोगों पर केस दर्ज किया है। साथ ही साथ राजद्रोह (124-A) की भी धारा लगाई गई है।

राजद्रोह का भी मुकदमा दर्ज

पुलिस ने प्रदर्शनकारियों के खिलाफ सख्त कदम उठाते हुए प्रदर्शन करने वाले 7 नामजद और 3 हजार अज्ञात के खिलाफ धनबाद थाने में प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस ने राजद्रोह (124-A) की भी धारा लगाई है। धनबाद सीओ प्रशांत कुमार लायक की लिखित शिकायत पर पुलिस ने प्रदर्शनकारियों के खिलाफ बिना अनुमति शहर में जगह-जगह जाम लगाने और धार्मिक भावना को आहत पहुंचाने वाले नारे लगाने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस वीडियो देख कर अज्ञात की पहचान कर रही है।


न्यूज्ड ने सिटी एसपी धनबाद आर. रामकुमार से इस मामले में बात की। सिटी एसपी ने बताया कि जिला प्रशासन के निर्देश पर अलग-अलग धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। जिसमें राजद्रोह की भी धारा शामिल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि अभी तक इस मामले में कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।


गौरतलब है कि मंगलवार 7 जनवरी को धनबाद में सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से अपील कर वासेपुर व आसपास के इलाकों से जुलूस निकाली गई थी। प्रदर्शनकारी सिटी सेंटर, लुबी सर्कुलर रोड होते हुए दोपहर करीब एक बजे रणधीर वर्मा चौक पहुंचे। इस दौरान पूरा शहर अस्त-व्यस्त हो गया। रणधीर वर्मा चौक करीब एक घंटे तक जाम रहा।


कांग्रेस नेता अजय माकन का बड़ा ऐलान- सत्ता में आए तो दिल्ली में CAA और NRC नहीं होगा लागू

(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)